Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में कांवड़ यात्रा को लेकर तीन दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की नो-एंट्री

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 11:17 AM (IST)

    गोरखपुर में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार और शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के लिए तीन दिवसीय यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। 9 से 11 अगस्त तक भारी वाहन ...और पढ़ें

    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

    HighLights

    1. कांवड़ यात्रा के लिए गोरखपुर में तीन दिवसीय डायवर्जन।

    2. 9 से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित।

    3. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात प्राथमिकता।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार और 11 अगस्त को पड़ने वाली शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने तीन दिन का डायवर्जन प्लान लागू किया है। नौ अगस्त की सुबह छह बजे से 11 अगस्त की रात 10 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।

    इस दौरान ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर और ट्रालर जैसे भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, तेल और दूध के टैंकर इस व्यवस्था से मुक्त रहेंगे।

    एसपी यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। सामान्य दिनों में रात 10 बजे खुलने वाली भारी वाहनों की नो-एंट्री भी नौ अगस्त से बंद रहेगी, जिसे 11 अगस्त की रात 10 बजे के बाद फिर से बहाल किया जाएगा।

    महादेव झारखंडी मंदिर जाने वाले मार्ग पर देवरिया बाईपास से आने वाले बड़े वाहनों को खोराबार, सिक्टौर और चिड़ियाघर मार्ग से रामगढ़ताल थाना मोड़ होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। वहीं कूड़ाघाट की ओर से मंदिर आने वाले भारी वाहनों को एयरपोर्ट पुलिस चौकी, जगदीशपुर और कोनी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

    मुक्तेश्वरनाथ मंदिर (हरबर्ट बंधा) मार्ग पर हरबर्ट बंधा से टीपी नगर की ओर जाने वाली बसों और टैंकरों का संचालन न्यू सिक्सलेन ओवरब्रिज से कराया जाएगा। इसी तरह पिपराइच स्थित मोटेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग पर पादरी बाजार से आने वाले भारी वाहनों को मोहद्दीपुर और खजांची चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि सरैया बाजार से पिपराइच रोड की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को बरगदहीं की तरफ भेजा जाएगा।

    खबरें और भी

    बड़हलगंज से जल लेकर नौसढ़ की ओर आने वाले कांवड़ियों के लिए एक लेन पूरी तरह सुरक्षित रखी गई है। इस लेन पर केवल कांवड़ियों का आवागमन होगा, जबकि अन्य वाहन दूसरी लेन से गुजरेंगे। बस्ती के भद्देश्वरनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कुशीनगर और देवरिया से अयोध्या तथा लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा।

    शहर से अयोध्या-लखनऊ जाने वाले वाहनों को कालेसर और तेनुआ टोल प्लाजा के रास्ते लिंक एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। गीडा सेक्टर-26 के सामने से भी भारी वाहनों को इसी मार्ग पर भेजने की व्यवस्था की गई है।