गोरखपुर में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, 50 पर एफआईआर; पांच महीने पहले कटी थी सलमान की बिजली
गोरखपुर के तुर्कमानपुर में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर 40-50 लोगों ने हमला कर दिया और उन्हें घेर लिया।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के तुर्कमानपुर में चोरी से बिजली का उपभोग मिलने के बाद एक समुदाय के 40 से 50 लोगों ने बिजली निगम के अभियंताओं व कर्मचारियों को घेर लिया। मनबढ़ई का आलम यह था कि बिजली निगम की विजिलेंस टीम के प्रभारी और सिपाहियों पर भी लोग हमलावर हो गए थे।
भीड़ टीम के साथ धक्का मुक्की करने लगी। यहां तक कि सभी को बंधक बनाने और मारने के लिए भी उकसाने लगी। चोरी से बिजली का उपभोग करने वाले सलमान के खिलाफ एंटी थेफ्ट बिजली थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। राजघाट पुलिस ने सलमान, जहांगीर और 40 से 50 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह है पूरा मामला
नार्मल उपकेंद्र से जुड़े तुर्कमानपुर फीडर में बिजली की चोरी ज्यादा है। मंगलवार को विजिलेंस टीम ने प्रभारी विरेंद्र राय के नेतृत्व में अवर अभियंता राजेश कुमार मिश्र, नार्मल के अवर अभियंता सुधीर यादव की टीम के साथ छापा मारा। तुर्कमानपुर पहाड़पुर में सलमान खान पुत्र मो. साजिद खान के परिसर की जांच के लिए टीम पहुंची। उसकी मां के नाम से बिजली का दो किलोवाट क्षमता का कनेक्शन है।
ढाई लाख रुपये के बकाये में सलमान खान का कनेक्शन पांच महीने पहले कट गया था। टीम पहुंची तो सलमान के घर में बिजली का उपभाेग मिला। यहां तक कि एसी और इंडक्शन भी चलता मिला। टीम ने जांच की तो छत पर केबल काटकर बिजली का उपभोग मिला।
टीम वीडियोग्राफी करने के बाद दूसरे घर के कनेक्शन की जांच करने पहुंची। अभी जांच शुरू ही हुई थी कि आरोप है कि सलमान के उकसाने पर 40 से 50 की संख्या में लोग पहुंचे और टीम को घेर लिया। मौके की स्थिति खराब होता देख पुलिसकर्मी और बिजलीकर्मी निकलने लगे तो सभी ने घेर लिया। किसी तरह लोग वहां से निकल सके।
आज वापस गए तो सब परेशान रहेंगे
भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग ने आरोप लगाना शुरू कर दिया कि अवर अभियंता ने 10 हजार रुपये मांगे हैं। आरोप है कि सलमान ने सभी से कहा कि यदि आज बिजली वाले बचकर चले गए तो रोजाना जांच होगी और सब फंसेंगे। इसके बाद भीड़ हमलावर हो गई।
चोरी की बिजली से रोशन हो रहा था मदरसा
तुर्कमानपुर में दो दिन पहले बिजली निगम की टीम ने मदरसा की जांच की तो यहां बिना कनेक्शन बिजली का उपभोग मिला। हद तो यह थी कि अवैध कनेक्शन बिजली निगम के बाक्स में जुड़ा था। मदरसा में दो एसी और अन्य उपकरण चलते मिले थे। मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
जांच न हो, बनाने लगते हैं दबाव
तुर्कमानपुर क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच न हो इसके लिए सैकड़ों लोग पहले भी बिजलीकर्मियों पर हमला कर चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि चोरी से बिजली का उपभोग करने वाले चाहते हैं कि जांच ही न हो सके। इसके लिए वह टीम को घेरकर भगा देते हैं ताकि अगली बार वह लोग डर के कारण न आएं। कुछ वर्ष पहले जांच को गई बिजलीकर्मियों की टीम पर गर्म पानी भी फेंका जा चुका है।
40 प्रतिशत है लाइन लॉस
नार्मल उपकेंद्र से जुड़े तुर्कमानपुर फीडर में सबसे ज्यादा बिजली की चोरी की जाती है। यहां घनी आबादी के बीच कटिया लगाकर बिजली की चोरी आसानी से देखी जा सकती है। बिजली निगम ने चोरी रोकने के लिए एरियल बंच कंडक्टर लगवाया लेकिन कई लोगों ने केबल बाक्स में सीधे कटिया लगा ली है।
फीडर पर वर्तमान में 40 प्रतिशत से ज्यादा लाइन लॉस है। यानी बिजली निगम इलाके में यदि सौ रुपये की बिजली दे रहा है तो उसे सिर्फ 60 रुपये ही मिल रहे हैं। नियमानुसार यह अधिकतम 15 प्रतिशत से कम होना चाहिए।
