UP Budget 2026: गोरखपुर क्षेत्र में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, बेहतर होगा जीवन स्तर
प्रदेश सरकार ने पूर्वांचल के गोरखपुर-बस्ती मंडल के संतुलित विकास पर जोर दिया है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बजट में बीआरडीएफ के तहत 800 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पूर्वांचल विकास के लिए 800 करोड़ रुपये आवंटित।
एमएसएमई से 50 हजार से अधिक नए रोजगार।
गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण।
मदन मोहन सिंह, गोरखपुर। किसान, कामगार, छोटे व्यवसायी और युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर का ध्यान रखते हुए प्रदेश सरकार ने पूर्वांचल के गोरखपुर-बस्ती मंडल के संतुलित विकास पर जोर दिया है। बजट में बैलेंस्ड रीजनल डेवलपमेंट फंड (बीआरडीएफ) के तहत कुल 800 करोड़ रुपये पूर्वांचल के लिए आवंटित है।
गोरखपुर के खजनी में कंबल उत्पादन केंद्र के आधुनिकीकरण के लिए 7.5 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। माटी कला बोर्ड के तहत पारंपरिक कुम्हारों के एकीकृत विकास के लिए 13 करोड़ रुपये आवंटित हैं। इससे गोरखपुर के टेराकोटा से जुड़े शिल्पियों को समृद्धि मिलेगी।
सरकार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर को मजबूत करने के लिए 3,822 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। गोरक्ष क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा एमएसएमई इकाइयों को देखते हुए यह आवंटन महत्वपूर्ण है। आने वाले दिनों में इस सेक्टर में 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान-बांग्लादेश से भी अधिक है यूपी का बजट 2026, इस मामले में यह देश भी है पीछे
अटल बिहारी वाजपेयी पावरलूम बुनकर विद्युत फ्लैट रेट योजना के लिए 4,423 करोड़ रुपये अलग से रखे गए हैं। पूर्वांचल के गोरखपुर-बस्ती मंडल में पावरलूम का बड़ा क्लस्टर है। गोरखपुर में ईपीसी मोड पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति दी गई है, पिपराइच चीनी मिल की आसवनी के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।