गोरखपुर के डॉक्टर से रंगदारी मांगने की जांच में खुला 'मरीज सप्लाई' नेटवर्क
गोरखपुर में मानसी अस्पताल के संचालक डॉ. पंकज दीक्षित से रंगदारी मांगने के मामले की जांच में पुलिस ने 'मरीज सप्लाई' नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंबुले ...और पढ़ें

HighLights
डॉ. पंकज दीक्षित से रंगदारी मांगने की जांच।
एंबुलेंस संचालक बिट्टू खान का 'मरीज सप्लाई' नेटवर्क।
निजी अस्पतालों और बिचौलियों पर पुलिस की नजर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मानसी अस्पताल के संचालक डा. पंकज कुमार दीक्षित से रंगदारी मांगने के मामले की जांच के दौरान पुलिस को ‘मरीज सप्लाई’ नेटवर्क का सुराग मिला है। शुरुआत में यह मामला केवल धमकी और वसूली का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, निजी अस्पताल और एंबुलेंस संचालकों के बीच चल रहे कमीशन के खेल तक पहुंच गई।
जांच में सामने आया है कि मूल रूप से बेतिया (बिहार) निवासी बिट्टू खान नामक एंबुलेंस संचालक बिहार से मरीजों को गोरखपुर लाता है। उसके पास 50 से अधिक एंबुलेंस संचालित होने की जानकारी पुलिस को मिली है। आरोप है कि वह सीमावर्ती जिलों में गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर और सस्ता इलाज दिलाने का भरोसा देकर गोरखपुर लाता था।
यहां पहुंचने के बाद मरीजों को पहले से तय निजी अस्पतालों में भर्ती कराया जाता था, जहां प्रति मरीज तय कमीशन मिलता था। डा. पंकज से भी उसकी बातचीत होने का साक्ष्य मिला है। मरीज भेजने के नाम पर बिट्टू ने कई अस्पताल संचालकों से 5 से 10 लाख रुपये तक एडवांस ले रखा है।
अब पुलिस बिट्टू खान के मोबाइल नंबर की काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसके संपर्क में कौन-कौन से अस्पताल संचालक, एंबुलेंस चालक और बिचौलिए थे। बैंक लेन-देन और संभावित वित्तीय ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर हत्याकांड: पिस्टल की ‘टेस्टिंग’ में अरुण को लगी गोली, दो हो गई थी मिस
आशंका है कि यह नेटवर्क शहर के कई निजी नर्सिंग होम तक फैला हो सकता है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि डाक्टर से रंगदारी मांगने के मामले में कैंट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जांच में कई नई जानकारी सामने आयी है जिसकी छानबीन चल रही है। इस मामले के मरीज माफिया नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। साक्ष्य के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
यह है मामला
शाहपुर के जंगल सालिकराम में रहने वाले मानसी अस्पताल के संचालक डा. पंकज दीक्षित ने सोमवार को एसएसपी डा. कौश्तुभ को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि सिकरीगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर राहुल शर्मा फोन कर 15 लाख रुपये रंगदारी मांग रहा है। कैंट थाना पुलिस रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।