गोरखपुर के सर्वज्ञ का YouTube से जागा शौक, अब पांच देशों के 17 हेलमेट का है अनूठा संग्रह
गोरखपुर के सर्वज्ञ मणि त्रिपाठी को हेलमेट संग्रह करने का अनोखा शौक है। उनके पास पांच देशों के 17 हेलमेट हैं, जिनमें सबसे महंगा 22 हजार रुपये का है।

सर्वज्ञ मणि त्रिपाठी के पास 32 हजार रुपये तक का हेलमेट।
HighLights
सर्वज्ञ मणि त्रिपाठी का हेलमेट संग्रह का अनोखा जुनून।
पांच देशों के 17 हेलमेट का शानदार संग्रह है।
हेलमेट को सुरक्षित सफर का महत्वपूर्ण साथी मानते हैं।
संगम दूबे, गोरखपुर। किसी को पुराने सिक्के जमा करने का शौक होता है तो कोई डाक टिकटों का संग्रह करता है, लेकिन नंदानगर के सर्वज्ञ मणि त्रिपाठी का शौक कुछ अलग है। उन्हें हेलमेट संग्रह करने का जुनून है। राइडिंग के शौक ने उन्हें हेलमेट की दुनिया से जोड़ा और अब उनके पास पांच देशों के अलग-अलग डिजाइन और खूबियों वाले 17 हेलमेट का संग्रह है। खास बात यह है कि उनके लिए हेलमेट केवल संग्रह की वस्तु नहीं, बल्कि सुरक्षित सफर का सबसे जरूरी साथी भी है।
सर्वज्ञ बताते हैं कि वर्ष 2021 में यू-ट्यूब पर एक वीडियो देखने के बाद उनके मन में हेलमेट संग्रह करने का विचार आया। धीरे-धीरे यह शौक जुनून में बदल गया। उन्होंने अलग-अलग देशों के हेलमेट के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की और उन्हें अपने संग्रह का हिस्सा बनाने लगे।
वर्तमान में उनके पास भारत, स्पेन, इटली, वियतनाम और चीन के 17 हेलमेट हैं। इनमें सबसे महंगा हेलमेट 22 हजार रुपये का है। एक्सेसरीज जोड़ने के बाद इसकी कीमत करीब 32 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। इसे उन्होंने थाईलैंड से अपने एक दोस्त के माध्यम से मंगवाया था।
ट्रैक पर भी इस्तेमाल हो सकते हैं पांच हेलमेट
सर्वज्ञ के संग्रह की खासियत यह है कि उनके पास मौजूद पांच हेलमेट विशेष विन टनल टेस्टिंग से गुजर चुके हैं। ये अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं और ट्रैक पर राइडिंग के लिए भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।

वह बताते हैं कि ऐसे हेलमेट सामान्य हेलमेट की तुलना में वजनदार होते हैं। इनकी बनावट और सुरक्षा क्षमता इन्हें खास बनाती है। हेलमेट खरीदते समय वह उसके डिजाइन और कीमत के साथ सुरक्षा मानकों को भी प्राथमिकता देते हैं। हेलमेट के साथ ही सर्वज्ञ को बाइक राइडिंग का भी खासा शौक है। उनके पास पांच बाइक हैं। इनमें तीन का इस्तेमाल सामान्य आवागमन के लिए होता है, जबकि एक एडवेंचर और ऑफ रोडिंग के लिए है।
इसके अलावा उनके पास चार लाख रुपये की हिमालयन बाइक भी है। इसी शौक के चलते वह अब तक बाइक से देश के 19 राज्यों की यात्रा कर चुके हैं। उनके सफर का सबसे दूरस्थ पड़ाव अरुणाचल प्रदेश रहा है। अब उनका अगला लक्ष्य लद्दाख और इंटर स्पीति की यात्रा करना है।
दो हादसों ने समझाया हेलमेट का महत्व
सर्वज्ञ के लिए हेलमेट का महत्व केवल शौक तक सीमित नहीं है। वह दो घटनाओं को याद करते हुए बताते हैं कि एक बार नेपाल से लौटते समय पहाड़ी रास्ते पर उनकी बाइक फिसल गई थी। उस दौरान हेलमेट ने उन्हें सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई। इसी तरह वर्ष 2022 में शहर में पीछे से एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। उस घटना में भी हेलमेट की वजह से वह सुरक्षित बच निकले। इन अनुभवों ने उनके विश्वास को और मजबूत किया है।
अब वह खुद हेलमेट पहनने के साथ दूसरे बाइक सवारों को भी इसके लिए जागरूक करते हैं। उनका कहना है कि बाइक चलाते समय हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का जरूरी कवच है। सुरक्षित यात्रा करनी है तो हर बाइक सवार को अच्छी गुणवत्ता और मानकों पर खरा उतरने वाला हेलमेट जरूर पहनना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।