विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बेबीज डे आउट' बना गोरखपुर का मासूम, स्कूल के बाहर से लापता छात्र 70 किमी दूर अमृत भारत ट्रेन में मिला

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:21 AM (IST)

गोरखपुर में सिविल लाइंस स्थित एक स्कूल के बाहर से कक्षा चार का 9 वर्षीय छात्र लापता हो गया। बाद ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर से लापता 9 वर्षीय छात्र 70 किमी दूर कुशीनगर में मिला।

  2. स्कूल के बाहर से गायब होकर अमृत भारत ट्रेन से पहुंचा सेवरही।

  3. मां को अज्ञात महिला ने फोन कर बच्चे की सूचना दी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। हॉलीवुड की मशहूर कामेडी-एडवेंचर फिल्म 'बेबीज डे आउट' तो आपने जरूर देखी होगी, जिसमें एक नन्हा बच्चा सबकी नजरों से ओझल होकर शहर भर की सैर पर निकल जाता है और पूरी पुलिस टीम हैरान-परेशान घूमती रहती है। कुछ ऐसा ही सांसें थमा देने वाला असली ड्रामा गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार को देखने को मिला। स्कूल के आसपास खेलते हुए सीसी कैमरे में दिखा बच्चा 70 किमी दूर कुशीनगर सेवरही पहुंच गया।

सिविल लाइंस स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाला कक्षा चार का नौ वर्षीय छात्र अचानक स्कूल के बाहर से गायब हो गया। बच्चा राप्ती नगर का रहने वाला है और आटो से स्कूल आता-जाता था। बुधवार को स्कूल की छुट्टी तय समय 1:40 बजे के बजाय 1:30 बजे ही हो गई। छात्र बैग लेकर ऑटो के पास पहुंचा और उसमें बैठ गया।

ऑटो चालक एक अन्य बच्ची को लेने अंदर चला गया। जब वह बच्ची को लेकर आया, तो छात्र बाहर ऑटो के सामने बेफिक्र होकर खेल रहा था। चालक बच्ची को चिप्स दिलाने पास की दुकान पर ले गया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद जब वे लौटे, तो छात्र वहां से गायब था।

सीसी कैमरे में दिखा मासूम का बेफिक्र अंदाज
चालक ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चे का कुछ पता नहीं चला, तो दोपहर तीन बजे उसने डायल 112 पर सूचना दी। स्कूल से नौ साल के बच्चे के गायब होने की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ कैंट, कैंट थाना पुलिस, एसओजी, क्राइम ब्रांच और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीमों ने मौके पर डेरा डाल दिया। पुलिस ने जब स्कूल और आसपास के सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले, तो बच्चे का मासूम और चंचल व्यवहार सामने आया।

09gkc_63_09092026_496

एचपीडिफेंस स्कूल का छात्र सिविल लाइंस से गायब हो गया। घटना के बाद सीसी टीवी फुटेज देखती पुलिस। जागरण


 

फुटेज में वह कभी आटो के पास खेलता, तो कभी एक बच्ची के साथ वापस स्कूल की तरफ टहलता दिखा। दोपहर 1:45 बजे वह स्कूल के सामने आयलेट करने के बाद वापस आटो के पास आया और फिर 2:05 बजे एक बार फिर बेफिक्र अंदाज में घूमते हुए स्कूल की ओर बढ़ता नजर आया।

मां के पास आया फोन और खुली पूरी दास्तान
इधर बच्चे के गायब होने बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं पुलिस की दर्जनों टीमें शहर के चप्पे-चप्पे पर उसकी सुरागकशी कर रही थीं। इसी गहमागहमी के बीच शाम सात बजे मां के मोबाइल पर एक अज्ञात महिला का फोन आया। महिला ने बताया कि बच्चा अमृत भारत ट्रेन में है और कुशीनगर जिले के सेवरही स्टेशन पर पूरी तरह सुरक्षित है।

इसके बाद सीओ कैंट के बातचीत करने पर सेवरही थाने की पुलिस स्टेशन पर पहुंची और बच्चे को अपने साथ लेकर 7:45 बजे थाने चली गई। इधर, खबर मिलते ही सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद और गोलघर चौकी प्रभारी अवनीश पांडेय कुशीनगर के लिए रवाना हो गए। विधिक कार्रवाई के बाद देर रात बच्चे को लेकर वापस गोरखपुर पहुंचे।

बच्चे ने पुलिस को खूब छकाया
सेवरही थाने पहुंची पुलिस टीम ने जब बच्चे से पूछताछ की, तो उसने पहले तो 'बेबीज डे आउट' के नन्हे हीरो की तरह पुलिस को खूब छकाया और इधर-उधर की बातें कीं। बाद में उसने बताया कि वह आटो के पास खेल रहा था। इसी दौरान एक युवक आया और चाकलेट दिया, इसके बाद वह बेहोश हो गया, फिर ट्रेन में बैठा दिया। रास्ते में जब वह रोने लगा तो साथ में बैठी महिला ने स्कूल के आइकार्ड में लिखे मोबाइल नंबर पर फोन कर मां को जानकारी दी।

स्टेशन तक कैसे पहुंचा पुलिस कर रही जांच
छात्र से पूछताछ के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र स्टेशन तक कैसे पहुंचा, वह खुद से स्टेशन पर गया या किसी ने उसे स्टेशन पर पहुंचाया। पुलिस रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगे सीसी कैमरे से घटना के तार को जोड़ने में लगी है। हालांकि सीसी कैमरे के फुटैज में 2:05 बजे तक छात्र अकेले स्कूल मार्ग पर जाते हुए दिखा है।

अभिभावकों ने नहीं लिया संज्ञान
ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि बच्चा बेहद चंचल स्वभाव का है और अक्सर ऑटो से उतरकर इधर-उधर खेलने चला जाता था। इसकी शिकायत स्वजन से भी की गई थी। लेकिन, उन्होंने ध्यान नहीं दिया। बुधवार को भी जब वह ऑटो से उतरकर खेल रहा था तो उसने यही समझा कि अभी आकर बैठ जाएगा, लेकिन वह नहीं आया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर: रेलवे की कैटरिंग पॉलिसी से हटा ठेका, ई-नीलामी से होगा आवंटन


समन्वय की दिखी कमी, तलाशती रहीं पुुलिस
छात्र के लापता होने के बाद पुलिस टीमें तलाश में जुटीं, लेकिन आपसी समन्वय की कमी भी सामने आई। पुलिस स्कूल और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालती रही, जबकि इसी दौरान छात्र रेलवे स्टेशन पहुंच गया और ट्रेन में बैठकर कुशीनगर पहुंच गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस जीआरपी से समन्वय कर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में बच्चे की तलाश करा सकती थी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में रिकॉर्डिंग करता मिला मोबाइल फोन, नहाते वक्त अचानक पड़ी नजर और फिर मचा बवाल

साथ ही स्टेशन पर एनाउंसमेंट कराने के साथ आसपास के थानों को भी सूचना देकर खोजबीन में लगाया जा सकता था। हालांकि, ऐसा नहीं किया गया। पुलिस की टीमें सिविल लाइंस क्षेत्र में ही फुटेज खंगालती रहीं और बच्चा शहर से निकल गया। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय पर सवाल उठे हैं।