गोरखपुर में बैंककर्मी के घर में चोरी करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गोरखपुर में बैंककर्मी के घर चोरी करने वाले बदमाश मोहम्मद शहजादे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
HighLights
बैंककर्मी के घर चोरी करने वाला बदमाश गिरफ्तार।
पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली।
चोरी के जेवर, नकदी और हथियार बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैंककर्मी के बंद मकान में का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी करने वाले बदमाश को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने सोमवार देर रात लहसड़ी अंडरपास के पास मुठभेड़ में दबोच लिया। तुर्कमानपुर नई मस्जिद निवासी मो. शहजादे के बाएं पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के जेवर, 10 हजार रुपये, मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद किया है। जिला अस्पताल में बदमाश का उपचार चल रहा है।
फुलवरिया निवासी इंद्रमोहन सिंह निजी बैंक में उपशाखा प्रबंधक हैं। पिता की मौत होने पर 20 अगस्त को वह परिवार के साथ पैतृक गांव गए थे। इसी दौरान बंद मकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने आलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली थी।वारदात सीसी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज में तीन बदमाश दिखाई दिए थे। जांच के दौरान पुलिस को तुर्कमानपुर निवासी शहजादे के बारे में जानकारी मिली।
सोमवार देर रात उसके लहसड़ी अंडरपास के पास होने की सूचना मिली। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक श्यामा नंद राय और एंटीथेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील राय की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पुलिस टीम को देखते ही शहजादे ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। तलाशी में उसके पास से तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस, चोरी के चार कंगन, एक अंगूठी, मंगलसूत्र, गले का हार और 10 हजार रुपये मिले हैं।
उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पूछताछ में शहजादे ने अपने साथी नियाज अहमद निवासी जमुनहिया बाग, थाना गोरखनाथ और एक अन्य व्यक्ति के साथ चोरी करने की जानकारी दी है। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाश पर 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
