गोरखपुर में खेत विवाद ने ली जान, चचेरे भाई की गोली मारकर उतारा मौत के घाट
गोरखपुर के करनपुरा गांव में खेत जोतने को लेकर हुए विवाद में अपने चचेरे भाई शिवम पांडेय को गोली मार ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
खेत जोतने को लेकर चाचा-भतीजे में विवाद हुआ।
चाचा ने भतीजे शिवम पांडेय को गोली मारी, मौत।
गोरखपुर के करनपुरा गांव में हुई यह घटना।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। खेत जोतने को लेकर हरपुर बुदहट क्षेत्र के करनपुरा गांव में गुरुवार सुबह हुए विवाद में युवक ने चचेरे भाई को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक जान बचाने के लिए भागा, लेकिन गांव की पुलिया के पास पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
घटनास्थल पर एसपी नार्थ राजेश घुनावत और सीओ गीडा अभा सिंह ने लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। आरोपितों की तलाश के लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत पुलिस पांच टीमें लगाई गई हैं। मृतक की बहन महिमा की तहरीर पर पुलिस से आरोपित भाइयों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
मेथौली निवासी सुदामा पांडेय उर्फ गामा समेत पांच भाइयों का करनपुरा गांव में नेवासा है। उनके एक भाई के लड़के राधेश्याम पांडेय उर्फ रधई और लवकुश पांडेय करनपुरा में रहकर खेती-बारी करते हैं। जमीन को लेकर सुदामा और राधेश्याम के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच सुदामा की मौत हो गई तो उनका बेटा आदर्श उर्फ शिवम पांडेय खेती का काम देखने लगा।
गुरुवार सुबह नौ बजे शिवम करनपुरा स्थित अपने हिस्से के खेत की जुताई कराने पहुंचा था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई राधेश्याम पांडेय उर्फ रधई ने खेत जोतने से मना किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद चालक ट्रैक्टर लेकर वहां से चला गया।
इसी बीच 10 बजे रधई का एक अन्य भाई लवकुश भी मौके पर पहुंच गया और उसने अपने भाई को गोली मारने के लिए ललकारा। इसके बाद रधई ने शिवम पर गोली चला दी। गोली उसके पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल शिवम जान बचाने के लिए भागा, लेकिन पुलिया के पास पहुंचते ही सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। घटना की सूचना पर सीओ गीडा समेत हरपुर बुदहट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सीएचसी सहजनवा ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पालतू कुत्ते की तेरहवीं, शोक संदेश छपवाकर गांवों को दिया ब्रह्मभोज का न्योता
एसपी नार्थ राजेश घुनावत ने बताया कि मृतक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने राधेश्याम और लवकुश पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपित मौके से फरार हैं। पुलिस की पांच टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।