थिएटर में करिअर का नया विकल्प, गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शुरू किया डिप्लोमा कोर्स
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश के लिए आवेदन पोर्टल फिर से ख ...और पढ़ें

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
गोरखपुर विश्वविद्यालय ने सीधे प्रवेश के लिए आवेदन पोर्टल फिर खोला।
डिप्लोमा इन थिएटर और बीबीए टूरिज्म जैसे नए कोर्स शुरू।
पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए 829 सीटों पर आवेदन जल्द।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन पोर्टल दोबारा खोल दिया है। इस बार कुल 45 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन लिए जाएंगे। साथ ही दो नए पाठ्यक्रम डिप्लोमा इन थिएटर (30 सीटें) और बीबीए (टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी आपरेशंस) (60 सीटें) के लिए भी बुधवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए गए हैं।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो.हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन नहीं किया था या सीधे प्रवेश वाले पाठ्यक्रमों में दाखिला लेना चाहते हैं, वे 22 जुलाई तक विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सीटों से कम आवेदन वाले पाठ्यक्रमों में नौ जुलाई से सीधे प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब रिक्त सीटों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की गई है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर पात्रता, शुल्क और प्रवेश संबंधी अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध सीटों के आधार पर पूरी की जाएगी।
इसी सप्ताह पीएचडी प्रवेश परीक्षा के आवेदन, 829 सीटों पर होगा प्रवेश
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा (रेट)-2026 के लिए आनलाइन आवेदन इसी सप्ताह शुरू होंगे। इस वर्ष फुलटाइम पीएचडी की 753 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें 265 सीटें विश्वविद्यालय परिसर तथा 488 सीटें संबद्ध महाविद्यालयों के पर्यवेक्षकों के अधीन स्वीकृत हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनाए जाएंगे 16 इंडस्ट्रियल हब, युवाओं के लिए खुलेगा नौकरियों का पिटारा
ये सीटें 44 विषयों में विभाजित हैं। इसके अलावा स्ववित्तपोषित योजना के तहत 76 अतिरिक्त सीटें तकनीकी, कृषि, फार्मेसी और वाणिज्य संकायों के लिए घोषित की गई हैं। इस प्रकार विश्वविद्यालय में इस सत्र में कुल 829 सीटों पर पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।