गोरखपुर विश्वविद्यालय में डिग्री के साथ हुनर की पाठशाला, आसान होगी रोजगार की राह
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय डिग्री के साथ रोजगारपरक कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य ...और पढ़ें

गोरखपुर विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
गोरखपुर विश्वविद्यालय में कौशल विकास पाठ्यक्रम होंगे शुरू।
छात्रों को डिग्री के साथ व्यावहारिक दक्षता मिलेगी।
नवंबर में कार्यशाला से तय होगी आगे की रणनीति।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वी उत्तर प्रदेश में डिग्री हासिल करने के साथ रोजगार के लिए जरूरी हुनर सीखने का अवसर मिलने की भूमिका तैयार हो रही है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को उनके मूल पाठ्यक्रम के साथ कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रम पढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य पढ़ाई को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को व्यावहारिक दक्षता से जोड़ना है, ताकि डिग्री पूरी करने के बाद उनके सामने रोजगार के अधिक विकल्प उपलब्ध हों।
इस पहल के तहत विश्वविद्यालय प्रशासन ऐसे कौशल विकास पाठ्यक्रमों की पहचान करने की तैयारी कर रहा है, जिन्हें विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई के साथ संचालित किया जा सके। इसके लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें अलग-अलग विषय से जुड़े रोजगारपरक विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपयोगिता, उनके चयन और संचालन के तरीकों पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही यह भी तय करने की दिशा में मंथन किया जाएगा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए कौशल आधारित प्रशिक्षण को किस तरह पढ़ाई का हिस्सा बनाया जाए।
वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के सामने डिग्री के साथ रोजगारपरक दक्षता विकसित करने की चुनौती भी है। केवल विषय का सैद्धांतिक ज्ञान कई बार रोजगार की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं होता। ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही अतिरिक्त कौशल सीखने का अवसर उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण हो जाता है।
विश्वविद्यालय की प्रस्तावित पहल इसी जरूरत को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जा रही है। प्रस्तावित कार्यशाला में इन्हीं पहलुओं पर चर्चा कर आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी। पाठ्यक्रमों की पहचान से लेकर उनके संचालन तक की व्यवस्था पर विचार होने के बाद इस योजना को अमल में लाने की दिशा स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर ओटीएस योजना: करदाताओं को मिली 84 लाख की छूट, निगम को 3.84 करोड़ की वसूली
नवंबर के दूसरे पखवारे में कार्यशाला की तैयारी
गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन नवंबर के दूसरे पखवारे में कौशल विकास पाठ्यक्रमों पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। कार्यशाला में विभागों से कौशल विकास से जुड़े उन पाठ्यक्रमों का प्रस्ताव मांगा जाएगा, जिनका मूल पाठ्यक्रमों के साथ संचालन आसान हो और विद्यार्थी उसे रुचि के साथ पढ़ें।
विद्यार्थियों को मूल पाठ्यक्रम के साथ कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की दिशा में विचार किया जा रहा है। इसके लिए कार्यशाला आयोजित करने की तैयारी है। इसमें ऐसे पाठ्यक्रमों की पहचान की जाएगी, जिन्हें नियमित पढ़ाई के साथ संचालित किया जा सके। उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक योग्यता के साथ रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है।
-प्रो. केपी सिंह, कुलपति, दीदउ गोरखपुर विश्वविद्यालय
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।