गोरखपुर के चौरी चौरा में हिस्ट्रीशीटर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, साथी भी घायल
गोरखपुर के चौरी चौरा में बाइक सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर मार्कण्डेय निषाद को गोली मार दी, जिससे उसकी हालत गंभीर है और एम्स में भर्ती है।

गोली लगने से घायल हिस्ट्रीशीटर एम्स अस्पताल में भर्ती। जागरण
HighLights
चौरी चौरा में हिस्ट्रीशीटर मार्कण्डेय निषाद को गोली लगी।
हमले में साथी जुगेश निषाद भी मामूली रूप से घायल हुआ।
पुलिस ने चार टीमें गठित कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बाइक सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी पर फायरिंग कर दी। सीने में गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर मार्कण्डेय निषाद की हालत गंभीर है। एम्स में उसका उपचार चल रहा है। जबकि उसके साथी जुगेश निषाद के कान को छूते हुए गोली निकल गई।
घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के कौड़ियापुरा टोले के पास मंगलवार की शाम चार बजे की है। एसपी नार्थ राजेश घुनावत ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
आरोप है कि वर्चस्व की लड़ाई में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए थाने की पुलिस के साथ एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत चार टीमे लगाई गई है।
यह है पूरी घटना
शिवपुर गांव के अतरिया टोला निवासी मार्कण्डेय निषाद अपने साथी जुगेश निषाद के साथ बाइक से जा रहा था। कौड़ियापुरा टोले के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। पहली गोली मार्कण्डेय के सीने में लगी और वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी गोली फायर किया, जुगेश के कान को छूते हुए निकल गई। इससे वह भी घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल मार्कण्डेय को एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ चौरी चौरा कुंदन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी ली।
पुलिस घटना के कारण और हमलावरों की पहचान के लिए घायल व उसके स्वजन से जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
