रेलवे का नया ‘रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान’, त्योहारों और भीड़भाड़ में यात्रियों को देगा राहत
रेलवे त्योहारों, परीक्षाओं और मेलों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 'रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान' तैयार करेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। त्योहारों, परीक्षाओं, मेला व अन्य बड़े आयोजनों के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ को सहेजने के लिए रेलवे ‘रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान’ तैयार करेगा। प्लान तैयार करने के लिए रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
प्लान के लिए रेलवे, राज्य सरकार (स्थानीय जिला प्रशासन) का भी सहयोग लेगा। ताकि, आयोजनों और उसमें होने वाली भीड़ का पूर्वानुमान लग सके। प्रत्येक मंडल को कामर्शियल, आपरेटिंग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के समन्वय से अगले तीन सप्ताह की भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करनी होगी।
इस योजना को हर सप्ताह अपडेट किया जाएगा। इसमें संभावित भीड़ वाले आयोजनों, यात्रियों की संख्या, मैनपावर की तैनाती, स्पेशल ट्रेनों की जरूरत और भीड़ से निपटने के लिए किए जाने वाले विशेष उपायों का आकलन शामिल होगा।
क्रिस ने तैयार किया पोर्टल
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के निर्देश पर ‘रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान’ के लिए सेंटर फार रेलवे इंफार्मेशन सिस्टम (क्रिस) ने पोर्टल भी तैयार कर लिया है। सभी मंडलों को प्रत्येक सप्ताह अपनी रोलिंग योजना पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इसकी समीक्षा रेलवे बोर्ड स्तर पर की जाएगी। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए महत्वपूर्ण स्टेशनों पर स्पेयर रेक उपलब्ध रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय रहते परिचालन की योजना बनानी होगी।
मौजूदा ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव और अतिरिक्त कोच जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। भीड़ कम करने के लिए स्पेशल ट्रेनों को नियमित ट्रेनों से पहले भी चलाई जा सकेगी। स्पेशल ट्रेनों की जानकारी यात्रियों तक समय पर पहुंचे, इसका भी ख्याल रखना होगा।
भीड़ का दबाव को कम करने के लिए होल्डिंग एरिया
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने भीड़ प्रबंधन में स्टेशनों के फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना है। महाप्रबंधकों को निर्देशित किया है कि वे फुट ओवरब्रिज पर हरहाल में यात्रियों की आवाजाही की व्यवस्था सुनिश्चित करें। भीड़ के दबाव को कम करने के लिए होल्डिंग एरिया का निर्माण कराएं।
उन्होंने स्टेशनों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अतिरिक्त अधिकारी और सुपरवाइजरों की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। बोर्ड अध्यक्ष का यह कदम अचानक बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
रेलवे प्रशासन के सामने एक बड़ी चुनौती
फिलहाल, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर जंक्शन पर रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय के सामने होल्डिंग एरिया का निर्माण शुरू हो गया है। बीच वाले फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी चल रहा है, लेकिन कार्य की गति सुस्त है। आगामी त्योहारों में भीड़ को नियंत्रित करना रेलवे प्रशासन के सामने एक बड़ी चुनौती होगी।
आगामी त्योहारों, परीक्षाओं और मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत पोर्टल के जरिए स्थिति की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन, कोचों की संख्या में वृद्धि और व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
-सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे
