Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    गोरखपुर में पुलिस की सख्ती की पोल खोल रहे शोहदे, नौ महीने में हुईं दुष्कर्म की 25 व छेड़खानी की 120 घटनाएं

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Sat, 07 Oct 2023 01:15 PM (IST)

    गोरखपुर जिले में बढ़ रही छेड़खानी और दुष्कर्म की घटनाएं पुलिस की सख्ती की पोल खोल रही हैं। शोहदों में महिला सुरक्षा दल व हेल्पलाइन नंबर का कोई डर नहीं ...और पढ़ें

    गोरखपुर में पुलिस की सख्ती की पोल खोल रहे शोहदे। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
    गोरखपुर में पुलिस की सख्ती की पोल खोल रहे शोहदे। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महिला सुरक्षा पुलिस के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है। सख्ती के दावे के बीच जिले में किशोरियों व छात्राओं के साथ लगातार हो रहीं घटनाएं इस बात की गवाह हैं कि महिला सुरक्षा को लेकर बनाई गई व्यवस्था कितनी पुख्ता है। आधी आबादी पर बुरी नजर रखने वालों को सबक सिखाने के लिए महिला हेल्पलाइन व महिला सुरक्षा दल का गठन किया गया, लेकिन इसका कोई डर नहीं है। स्कूलों व कालेजों में शिकायत के लिए पिंक पेटिकाएं लगवाईं, लेकिन शोहदों का दुस्साहस नहीं रुक रहा। आंकड़े बता रहे कि नौ माह में दुष्कर्म की 25, छेड़खानी की 120 व अपहरण की 80 घटनाएं हुई हैं।

    छह माह पहले लहराया था असलहा

    स्कूल आते-जाते समय छात्राओं से छेड़खानी करने के आरोपितों ने छह माह पहले रकहट चौराहे पर मारपीट की थी। इसमें एक आरोपित का असलहा लहराते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था, लेकिन गगहा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसकी वजह से हौसला और बढ़ गया। रकहट चौराहे पर पुलिस पिकेट लगने के बाद भी आरोपित बेखौफ होकर घूमते हैं।

    यह भी पढ़ें, Gorakhpur News: यहां शोहदों की छेड़खानी से परेशान छात्राएं छोड़ रहीं स्कूल, शिकायत के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

    एडीजी की चौपाल के बाद सुधरा मूसाबार का हाल

    कैंपियरगंज के मूसाबार गांव में शराबियों की हरकत से महिलाएं व लड़कियां तंग थी। शाम होते ही आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में मनचले व शराबी गांव में जुटते, जिसके बाद महिलाएं घर में कैद हो जाती थीं। कोई बाहर निकलता तो कच्ची पीने आए मनचले अभद्रता करते थे। हरकत से तंग एक छात्रा ने स्वयंसेवी संस्था को मैसेज भेज जानकारी दी। मैसेज मिलने पर 22 सितंबर को एडीजी जोन अखिल कुमार गांव में पहुंचे। महिलाओं के साथ चौपाल लगा उनकी समस्या सुनने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। एडीजी के निर्देश पर गांव में कच्ची की भट्ठियां तोड़ी गई।

    यह भी पढ़ें, देवरिया नरसंहार में इस्तेमाल हथियार नहीं लगे पुलिस के हाथ, सत्यप्रकाश व दो बच्चों को गोली मारकर ली थी जान

    हाल के दिनों में हुईं घटनाएं

    • 5 अक्टूबर : पीपीगंज में शोहदे ने घर में घुसकर महिला से छेड़खानी की।
    • 4 अक्टूबर : बांसगांव क्षेत्र में छात्रा से छेड़खानी करने का मामला सामने आया।
    • 3 अक्टूबर : चौरी चौरा में महिला से छेड़खानी करने वालों पर मुकदमा दर्ज हुआ।
    • 1 अक्टूबर : बांसगांव क्षेत्र में शोहदे ने घर में घुसकर महिला से छेड़खानी की।
    • 27 सितंबर : बड़हलगंज में तांत्रिक ने बच्ची के साथ छेड़खानी की।
    • 26 सितंबर : गोरखनाथ क्षेत्र की युवती को शोहदे ने तेजाब से जलाने की धमकी दी।
    • 26 सितंबर : शाहपुर क्षेत्र में मनबढ़ ने छात्रा से छेड़खानी की।
    • 24 सितंबर : चौरी चौरा क्षेत्र में शोहदे से परेशान छात्रा ने स्कूल छोड़ा।
    • 21 सितंबर : पीपीगंज में लिफ्ट देकर बाइक सवार ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया।
    • 20 सितंबर : सहजनवां क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदे ने युवती के पिता व भाई को पीटा।
    • 16 सितंबर : शाहपुर में किराये पर रहने वाली किशोरी से छेड़खानी।
    • 13 सितंबर : चौरी चौरा में युवती को परेशान करने वाले शोहदे पर मुकदमा दर्ज कराया।
    • 12 सितंबर : उरुवां में छात्रा से शोहदे ने छेड़खानी की।
    • 10 सिंतबर : सिकरीगंज क्षेत्र में छात्रा ने ब्लैकमेल करने वाले शोहदे पर मुकदमा दर्ज कराया।
    • 8 सितंबर : गुलरिहा में शोहदे के डर से छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा।

    खबरें और भी