विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: गोरखपुर में दुकानदार और मजदूर की हत्या से मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Published: Wed, 06 Nov 2024 10:44 AM (IST)

गोरखपुर में एक दुकानदार और एक मजदूर की हत्या से सनसनी फैल गई। चिलुआताल क्षेत्र के नकहा नंबर एक में ...और पढ़ें

दुकानदार अनिल गुप्ता की फाइल फोटो। जागरण
दुकानदार अनिल गुप्ता की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. नकहा नंबर एक और संझाई गांव में मंगलवार की रात को हुई घटना
  2. फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

जागरण संवाददाता,गोरखपुर। उत्‍तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आई है। यहां चिलुआताल क्षेत्र के नकहा नंबर एक में मंगलवार की रात दुकान से लौट रहे दुकानदार की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंक दिया गया। तलाश में जुटे स्वजन को बुधवार की सुबह जानकारी हुई तो पुलिस को बताया।

वहीं संझाई गांव में मजदूर की हत्या कर शव गड्ढे में फेंक दिया गया। फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे एसपी उत्तरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सर्विलांस व सीसी कैमरे की मदद से क्राइम ब्रांच व स्थानीय थाने की पुलिस छानबीन कर रही है।

नकहा नंबर एक में शिव मंदिर के पास रहने वाले 35 वर्षीय अनिल गुप्ता की बरगदवा चौराहे पर रेडिमेड गारमेंट्स की दुकान है। मंगलवार की सुबह वह दुकान पर जाने के लिए निकले। देर रात तक घर न लौटने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की लेकिन पता नहीं चला।

हत्‍या के बाद सड़क पर पसरा खून- जागरण


इसे भी पढ़ें-गोरक्ष नगर मंडल से भाजपा के सक्रिय सदस्य बने योगी, जारी की गई पहली सूची

तलाश में जुटे स्वजन को मोहल्ले के लोगों ने पुलिया के पास नाले में खून से लथपथ अनिल का शव पड़ा होने की सूचना दी। जानकारी होने पर एसपी उत्तरी जितेंद्र श्रीवास्तव स्थानीय थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले से अनिल का शव निकला तो पता चला कि गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया है।

परिवार के लोगों ने किसी के साथ दुश्मनी होने से इन्कार किया है। वहीं संझाई गांव में रहने वाले 40 वर्षीय कालीचरण तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। मंगलवार की रात वह बरामदे में सोए थे। बुधवार की सुबह घर से 50 मीटर दूर स्थित पानी के गड्ढे में उनका शव मिला। घटनास्थल को देखने से पता चला रहा था कि हत्या करने के बाद सिर को कीचड़ में धंसाया गया है।

इसे भी पढ़ें-यूपी में कोहरे से दृश्यता पहुंची 20 मीटर, दो विमान डायवर्ट कर भेजे गए लखनऊ

एसपी उत्तरी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। जल्द ही दोनों घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

हत्या कर फरार चल रहा 15 हजार का इनामी गिरफ्तार

खजनी पुलिस ने मंगलवार को हत्या के आरोप में फरार चल रहे 15 हजार के इनामी शनि उर्फ झिनकू उर्फ वशिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2019 में हत्या का केस दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार चल रहा था। 10 जुलाई 2023 को एसएसपी ने इसके ऊपर इनाम घोषित किया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।