Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    UP Weather News: मार्च में रही गर्मी से राहत पर अप्रैल बनेगा आफत, पढ़िए IMD का ताजा अपडेट

    Updated: Wed, 02 Apr 2025 06:53 PM (GMT+05:30)

    यूपी में मार्च का मौसम तो राहत भरा रहा लेकिन अप्रैल में गर्मी आफत बनने वाली है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार अप्रैल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान ...और पढ़ें

    इस बार अप्रैल में गर्मी सताएगी। जागरण
    इस बार अप्रैल में गर्मी सताएगी। जागरण

    HighLights

    1. अप्रैल में 12 से 15 दिन पारा रह सकता है 40 के पार
    2. सामान्य से अधिक रहेगा अधिकतम और न्यूनतम तापमान

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गर्मी के लिहाज से मार्च तो राहत भरा रहा लेकिन अप्रैल में राहत नहीं मिलने वाली। इस महीने में गर्मी आफत बनने वाली है। अप्रैल में न केवल अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने वाला है बल्कि गर्म दिन की संख्या के मामले में भी यह महीना रिकार्ड बनाने वाला है। मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय अपने गणितीय अध्ययन के आधार पर अप्रैल के मौसम का पूर्वानुमान जता रहे हैं। इसे लेकर कुछ आंकड़े भी बता रहे हैं।

    अप्रैल का औसत अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस है लेकिन अध्ययन के मुताबिक इस बार इसके एक से दो डिग्री अधिक रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी हो सकती है। 21.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य न्यूनतम तापमान है।

    अप्रैल में 40 से अधिक तापमान वाले दिनों की संख्या 12 से 15 हो सकती है जबकि इसका औसत आंकड़ा छह से सात दिन ही है। ऐसे में इस बार के अप्रैल में सामान्य से दोगुणा अधिक 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाले दिन होने वाले हैं। इतने ही दिन मौसम विभाग के गर्म दिन के मानक को पूरा करने वाले हैं।

    इसे भी पढ़ें- UP Weather Update: यूपी में इस हफ्ते के आखिर तक सूर्यदेव बरसाएंगे आग, @40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

    लू वाले दिनों की संख्या चार से पांच हो सकती है जबकि इसका सामान्य मानक तीन से चार दिन ही है। यानी लू भी सामान्य से ज्यादा चलेगी। इसकी शुरुआत अप्रैल के पहले दिन से हो चुकी है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड हुआ है। यह 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान के 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

    खबरें और भी

    दिन में तेज धूप के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल होने लगा है और बेचैनी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। धूप से बचाव के लिए मुंह ढ़क कर जाती युवतियां। -संगम दूबे


    सामान्य से मामूली अधिक रहा मार्च का तापमान

    मौसम विज्ञानी के अनुसार मार्च का अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान सामान्य से मामूली अधिक रहा, इसलिए गर्मी का अहसास भी सामान्य से ऊपर नहीं बढ़ सका। मार्च का औसत अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस है और इस बार यह 33.45 डिग्री तक पहुंचा।

    आंकड़ों के अनुसार तो इस बार मार्च का अधिकतम तापमान बीते सात वर्ष मेंं सर्वाधिक रहा लेकिन अंतर एक डिग्री से कम होने के चलते बहुत प्रभावी नहीं दिखा। इससे पहले 2018 में सामान्य अधिकतम तापमान इससे इस बार अधिक यानी 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। यही स्थिति न्यूनतम तापमान की भी रही। यह औसत 16.1 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग के मानक पर गर्म दिन भी एक ही रहा और सामान्य आंकड़ा भी यही है।

    धूप से बचाव के लिए मुंह ढ़क कर जाती युवतियां। जागरण


    इसे भी पढ़ें- New Khalilabad-Bahraich Rail Line: पांच जिलों को जोड़ेगी खलीलाबाद- बहराइच रेल लाइन, विकास को मिलेगी नई गति

    जलवायु परिवर्तन के चलते तापमान में आमतौर से सामान्य के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी क्रम में मार्च का औसत तापमान में सामान्य से अधिक रहा। अप्रैल में भी रहने का पूर्वानुमान है। अध्ययन के मुताबिक अप्रैल में 12 से 14 दिन गर्म दिन रह सकते हैं। लू वाले दिनों की संख्या चार से पांच रहने की आशंका है। -कैलाश पांडेय, मौसम विज्ञानी

    बीते वर्षों का औसत अधिकतम तापमान

    वर्ष
    तापमान
    2025 33.4
    2024 30.7
    2023 32.2
    2022 32.7
    2021 33.1
    2020 29.2
    2019 31.0
    2018 33.8