VIDEO: गोरखपुर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, यात्रियों में दहशत; जांच जारी
प्रयागराज से गोरखपुर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार रात अयोध्या-मनकापुर रेलखंड पर पत्थरबाजी हुई। टिकरी के पास कोच नंबर छह की खिड़की पर पत्थर लगे ...और पढ़ें
HighLights
वंदे भारत एक्सप्रेस पर अयोध्या रेलखंड में पत्थरबाजी हुई।
कोच नंबर छह की खिड़की पर पत्थर लगने से यात्री डरे।
रेलवे सुरक्षा बल ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। प्रयागराज से गोरखपुर आ रही 22550 नंबर की सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार की रात पत्थरबाजी हो गई। अयोध्या- मनकापुर रेलखंड पर कटरा रेलवे स्टेशन से आगे टिकरी के पास किसी व्यक्ति ने पत्थरबाजी की।
पत्थर कोच नंबर छह की खिड़की से टकराए। पत्थर की आवाज सुन यात्री परेशान हो उठे। किसी यात्री को चोट तो नहीं आयी, लेकिन वे कुछ देर के लिए डर गए। रेलवे सुरक्षा बल मनकापुर की टीम ने रेल अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। पत्थर फेंकने वाले की तलाश जारी है।
जानकारों के अनुसार, इधर गोरखपुर-लखनऊ और अयोध्या रेलमार्ग पर पत्थरबाजी और मोबाइल छिनैती की घटनाएं बढ़ गई हैं। 30 जनवरी को भागलपुर से जम्मूतवी जा रही 15097 नंबर की अमरनाथ एक्सप्रेस पर बस्ती और गोविंदनगर के बीच पत्थरबाजी हो गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मतदाता सूची से नाम कटवाने को थोक में नहीं कर सकेंगे आवेदन, बदल गया है यह नियम
पत्थर चलने से स्लीपर क्लास में यात्रा कर रहे बिहार के एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यात्री का सिर फट गया। ट्रेन के गोंडा स्टेशन पर पहुंचने पर घायल यात्री का प्राथमिक उपचार हुआ। कृषक एक्सप्रेस के एक यात्री भी पत्थरबाजी से घायल हो गया था। उसका सिर फट गया था।