गोरखपुर में CM योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, बोले- राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण से ही मिलेगी विजय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण का मंत्र दिया। उन्होंने 'राष्ट् ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण का मंत्र दिया। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण पर जोर दिया।
'राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय' सिद्धांत को व्यवहार में उतारने को कहा।
पीएम मोदी के नेतृत्व में पार्टी की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल इसलिए बनी, क्योंकि उसने 'राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति अंतिम' के सिद्धांत को व्यवहार में उतारा।
सहजनवा के ग्रेनविया रिसॉर्ट में रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जिसने राजनीति में राष्ट्रवाद, सुशासन, संस्कृति और समृद्धि को एक साथ जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर होती है और 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' के मंत्र को आत्मसात कर आगामी चुनावों की तैयारी में जुटना होगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने धारा 370 समाप्त करने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक समाप्त करने और गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से अपने संस्थापकों के सपनों को साकार किया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के जनता दर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, CM योगी बोले-सबकी समस्या का होगा समाधान
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को अन्य दलों की राजनीति से अलग अपनी पहचान बनाए रखनी होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, विधायक, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।