हमीरपुर में पुजारी की गला दबाकर हत्या, फिर आंख फोड़ी, सगे भाइयों पर मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
हमीरपुर में 75 वर्षीय पुजारी लल्लू प्रजापति की गला दबाकर और आंख फोड़कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो सगे भाइयों के ख ...और पढ़ें

HighLights
हमीरपुर में 75 वर्षीय पुजारी की बेरहमी से हत्या।
गला दबाकर और दाहिनी आंख फोड़कर मारा गया।
दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हमीरपुर में पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। थाना ललपुरा के मोराकांदर गांव के पुजारी की गला दबाकर और दाहिनी आंख फोड़कर मार डाला। दो सगे भाइयों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
थाना ललपुरा के अछपुरा बहदीना गांव में बेतवा नदी के तट पर गुनु बाबा का मंदिर है। जिसमें मोराकांदर गांव निवासी 75 वर्षीय लल्लू प्रजापति उर्फ आत्मानंद राम महाराज पुजारी थे। रविवार की सुबह पुजारी का शव मंदिर के परिसर में मिलने से सनसनी मच गई थी। शरीर में चोटों के निशान देखकर हत्या के कयास लगाए जा रहे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हो गई। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र काली प्रसाद की तहरीर के आधार पर परसनी गांव निवासी अच्छेलाल निषाद के दो पुत्रों महेश और रामविलाश के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके साथ ही दोनों भाइयों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने दबिशें देनी शुरू कर दी है।