हमीरपुर: पांच साल की मासूम बेटी संग बाइक सवार युवक खुले नाले में गिरा, पड़ोसियों ने बचाई जान
हमीरपुर में एक पिता और उनकी पांच वर्षीय बेटी बाइक सहित बारिश से उफनाए खुले नाले में गिर गए। पड़ोसियों ने तत्परता से उन्हें बचाया, जिससे दोनों को मामूल ...और पढ़ें

नाले में गिरी बाइक। जागरण
HighLights
पिता-पुत्री बाइक सहित खुले नाले में गिरे।
पड़ोसियों ने तुरंत मदद कर जान बचाई।
नगरपालिका की लापरवाही पर लोगों में आक्रोश।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। वर्षा के पानी से उफनाए नाले में पांच वर्षीय मासूम बेटी के साथ बाइक सवार पिता गिर गया। पिता और पुत्री की चिल्लाने की आवाज सुनकर मुहल्ले के लोगों ने दौड़कर दोनों को नाले से बाहर निकाला। इस घटना में दोनों के मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर आई नगर पालिका की टीम ने नाले में गिरी बाइक को निकाला।
मुहल्ले के लोगों ने खुले नाले का विरोध करते हुए तत्काल इसे बंद कराने की भी मांग की है। दैनिक जागरण ने भी पूर्व में मुहल्ले की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने सुध नहीं ली और यह घटना हो गई।
सदर कोतवाली के आदर्श नगर मुहल्ला निवासी 35 वर्षीय नितिन सविता महिंद्रा एजेंसी में काम करते हैं। गुरुवार की सुबह करीब दस बजे वह अपनी पांच वर्षीय पुत्री निति को छोड़ने के लिए उसके मामा के घर जा रहे थे। जहां से उन्हें एजेंसी ड्यूटी में जाना था। जैसे ही वह बाइक से आगे बढ़े कि मुहल्ले में बरसात से भरे खुले नाले में इनकी बाइक समां गई। जिससे पिता और पुत्री दोनों मदद के लिए चिल्लाने लगे।
पड़ोसियों ने जैसे ही आवाज सुनी तो वह दौड़कर आए और दोनों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद से मुहल्ले के लोगों में आक्रोश है। मुहल्ले वालों का कहना है कि ऐसी बरसात में पूरा नाला नगर पालिका ने खोलकर रख दिया है और बरसात के पानी से नाला उफना जाता है ऐसे में घटनाएं हो रही हैं और जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- हमीरपुर में रोडवेज बस, कार व टैंकर की टक्कर, चालकों सहित 3 की मौत, 21 घायल
सूचना पर आई नगर पालिका की टीम ने छोटी क्रेन की मदद से नाले में गिरी बाइक को बाहर निकाला। इस घटना में पिता और पुत्री के मामूली चोटें आई हैं। यह घटना मुहल्ले में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। इस संबंध में ईओ नगर पालिका हेमराज का कहना है कि नाले में पानी की निकासी को लेकर नाले खुलवाए गए थे। ताकि जलभराव न हो। समस्या को देखते हुए उचित प्रबंध किए जाएंगे।