विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवा चौथ पर हमीरपुर में चांद का दीदार कर सोलह श्रृंगार के साथ पूजा की, पति के हाथों पानी पीकर व्रत तोड़ा

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:35 PM (IST)

सुहागिनों ने हमीरपुर में करवा चौथ का व्रत उत्साहपूर्वक रखा, पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की।

करवा चौथ का चांद निकलते ही जगह जगह आतिशबाजी भी की गई।

करवा चौथ का चांद निकलते ही जगह जगह आतिशबाजी भी की गई।

HighLights

  1. सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के लिए रखा करवा चौथ व्रत।

  2. चांद का दीदार कर पतियों के हाथों पानी पीकर व्रत तोड़ा।

  3. हमीरपुर जेल में भी महिलाओं ने उत्साह से मनाया करवा चौथ।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। सुहाग की रक्षा, पति की लंबी आयु, सुख समृद्धि के लिए सुहागिनों ने पूरे उत्साह से करवा चौथ का व्रत रखा और पति की लंबी आयु की कामना की। कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्थी को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में पूरे दिन उत्साह का बना रहा। देरशाम निकले चांद का दीदार करने के बाद महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने पति की पूजा की और उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं पतियों ने पत्नियों को अपने हाथों से पानी पिलाकर उनका व्रत तुड़वाया और उपहार दिए। वहीं चांद निकलते ही आसमान में आतिशबाजी का भी नजारा त्योहार में आकर्षण का केंद्र रहा।

गुरुवार की सुबह से ही सुहागिन महिलाएं करवा चौथ के व्रत को लेकर अपनी तैयारी में जुटी रहीं। पूरे दिन सुहागिनों ने अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला उपवास रखा। देरशाम चांद निकलने के बाद चांद को अर्घ्य देकर पति को रोली चंदन लगाकर उनकी पूजा अर्चना की। पति ने भी अपनी पत्नी का साथ देते हुए अपने हाथों से जल पिलाकर पत्नी का व्रत तुड़वाया। इस मौके पतियों ने अपनी पत्नियों को उपहार भी भेंट किए।

आसमान में करवा चौथ का चांद निकलते ही जगह जगह आतिशबाजी भी छुटाई गई। हर तरफ खुशी और उल्लास के साथ इस पर्व को मनाया गया। वहीं बुजुर्ग महिलाओं ने भी खुशी और उत्साह के साथ इस पर्व को मनाया और अपने पति के संग सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया।

घर से दूर पति को वीडियो कालिंग कर मनाया करवाचौथ

कई महिलाओं के पति घर से दूर रहने के कारण उनके तस्वीर और वीडियो कालिंग पर पति का दीदार करते हुए व्रत को पूरा किया। सोलह श्रृंगार करने के बाद महिलाओं ने मोबाइल से वीडियो काल कर अपने पति का दीदार किया और इस त्योहार को मनाया।

जेल में भी धूमधाम से मनाया गया करवा चौथ

जेल में भी धूमधाम से करवा चौथ का पर्व मनाया गया। इस मौके पर जेल में निरुद्ध नौ महिलाओं ने विधि विधान से पूजन अर्चन किया और चांद देखने के बाद जेल में निरुद्ध अपने पति के हाथों पानी पीकर व्रत तोड़ा। जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा ने बताया कि त्योहार को लेकर महिलाओं के लेकर सारे इंतजाम किए गए थे। ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। इस दौरान पूजा, रानी, सुमन, रन्नो, देवकी, रजनीश व प्रेमरानी ने व्रत रख पति की लंबी उम्र के लिए पूजा अर्चना की।

गजरे व फूलों का भी खूब हुआ कारोबार

करवाचौथ को लेकर शहर में सजी फूलों की दुकानों में भी अच्छी खासी भीड़ लगी रही और जमकर गजरे और फूल खरीदे गए। पेट्रोल पंप के पास संचालित दुकान के संचालक राजू सैनी ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर अच्छा कारोबार हुआ है। 50 रुपये से लेकर 80 रुपये तक का गजरा बिका। वहीं फूल व माला भी खूब बिके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।