हमीरपुर में बिजली न आने से लोगों ने आधा घंटा जाम किया कानपुर सागर हाईवे, प्रदर्शनकारियों को पीटने पर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
हमीरपुर के सुमेरपुर में चार दिनों से बिजली न मिलने से परेशान लोगों ने कानपुर सागर हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों को पीटने के आरोप में थानाध्यक्ष क ...और पढ़ें

कानपुर सागर हाईवे में जाम लगाए भीड़ को मारते थानाध्यक्ष योगेश तिवारी। जागरण
HighLights
सुमेरपुर में चार दिन से बिजली गुल, हाईवे जाम।
थानाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों को पीटा, हुए लाइन हाजिर।
बिजली विभाग ने शाम तक आपूर्ति बहाली का आश्वासन दिया।
संवाद सहयोगी, सुमेरपुर(हमीरपुर)। पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान कस्बे के वार्ड संख्या तीन के लोगों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। भीषण गर्मी और उमस से त्रस्त लोगों ने पावर हाउस के सामने कानपुर सागर हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। जाम की सूचना पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाने के बजाए उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इससे लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जाम हटाने से इंकार कर दिया।
बाद में एसडीओ बिजली विभाग के शाम तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देने पर लोग शांत होकर जाम खोल दिया। इस दौरान करीब आधा घंटा से ज्यादा हाईवे में यातायात ठप रहा। वहीं जाम लगाए लोगों की पिटाई का वीडियो प्रचलित होने पर एसपी मृगांक शेखर ने सुमेरपुर थानाध्यक्ष योगेश तिवारी को लाइन हाजिर करते हुए सदर सीओ राजेश कमल को मामले की जांच सौंपी है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमें में हलचल मची हुई है।
गुरुवार को रात 12 बजे से गुल हुई बिजली के दर्शन रविवार शाम तक नहीं हो सके हैं। तीन दिनों से गर्मी उमस से जूझ रहे वार्ड संख्या तीन के त्रिवेणी मैदान एवं ईदगाह के पीछे की बस्ती के लोगों का धैर्य जवाब दे गया। बड़ी तादाद में महिला पुरुष एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए पावर हाउस पहुंचे और कानपुर सागर हाईवे में लकड़ी आदि डालकर बिजली देने की मांग करते हुए पावर हाउस पहुंचे और हाईवे पर बैठ गए। इससे हाईवे का यातायात ठप हो गया।
हाईवे जाम होने की सूचना पाकर थानाध्यक्ष योगेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम लगाए लोगों से आग बबूला होते हुए एक युवक को थप्पड़ जड़ दिए। इससे जाम लगाए लोग और भी ज्यादा उग्र हो गए और वह नारेबाजी करने लगे।
खबरें और भी
पिटाई का वीडियो इंटरनेट में प्रचलित होने के बाद एसपी मृगांक शेखर ने थानाध्यक्ष योगेश तिवारी को लाइन हाजिर करते हुए सदर सीओ राजेश कमल को मामले की जांच सौंपी है। इसी बीच पुलिस आने की जानकारी होने पर एसडीओ बिजली एमपी सिंह मौके पर आ गए और जाम लगाए लोगों को समझाते हुए आश्वस्त किया कि शाम तक आपूर्ति प्रत्येक दशा में बहाल करा देंगे। इससे जाम लगाए लोगों ने जाम खोल दिया और घरों को लौट गए।
शाम तक बहाल होंगे चार सबस्टेशन
बिजली विभाग के एसडीओ एमपी सिंह ने बताया कि गुरुवार को आए तूफान से विभाग को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया कि रविवार शाम तक सब स्टेशन टेढ़ा, पारा रैपुरा, सुमेरपुर द्वितीय, विदोखर आपूर्ति शुरू हो जाएगी। जल्द ही चंदौखी, पौथिया की आपूर्ति भी बहाल हो जाएगी। सोमवार तक ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति भी बहाल हो जाएगी। सोमवार तक ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति को पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली विभाग की टीमें रात दिन लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। कस्बे की 60 फीसदी आपूर्ति चालू है। शेष रविवार शाम तक चालू करा दी जाएगी।