कानपुर-हमीरपुर हाईवे बनेगा फोरलेन, सर्वे शुरू; रमईपुर से कबरई तक की सड़क का होगा चौड़ीकरण
कानपुर-हमीरपुर हाईवे को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है, रमईपुर से कबरई तक सड़क चौड़ीकरण का सर्वे शुरू हो गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कानपुर-हमीरपुर हाईवे को फोरलेन बनाने का सर्वे शुरू।
रमईपुर से कबरई तक सड़क का होगा चौड़ीकरण।
जाम और हादसों से मिलेगी बड़ी राहत, सुगम आवागमन।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर के रमईपुर से महोबा के कबरई तक कानपुर हमीरपुर हाईवे को फोरलेन में तब्दील करने की कवायद तेज हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके लिए सर्वे का जिम्मा इस्काम इंडिया लिमिटेड को सौंपा है।
कंपनी ने सर्वे का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही सर्वे रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंपी जाएगी। हाईवे के फोरलेन होने से जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
कानपुर हमीरपुर हाईवे पर वाहनों का दबाव और आए दिन लगने वाले जाम के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की घटनाएं भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए हाईवे को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। अब सर्वे शुरू होने से इस दिशा में आगे की प्रक्रिया बढ़ने की उम्मीद जगी है।
इस्काम इंडिया लिमिटेड के सर्वेयर कोमल राजपूत ने बताया कि कानपुर सागर हाईवे को फोरलेन में तब्दील करने के लिए सर्वे तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही रिपोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद प्राधिकरण आगे की प्रक्रिया को गति देगा।
लोकसभा और राज्यसभा में भी उठा मुद्दा
कानपुर हमीरपुर हाईवे को फोरलेन बनाने का मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा में भी उठ चुका है। हमीरपुर-महोबा के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी लोकसभा में इस मांग को उठा चुके हैं।
राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हाईवे की समस्या से अवगत कराया था और इसे फोरलेन बनाने की मांग रखी थी। उन्होंने दावा किया था कि केंद्रीय मंत्री ने फोरलेन बनाने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। अब सर्वे शुरू होने से इस दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
सदर विधायक डाॅ. मनोज कुमार प्रजापति भी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग उठा चुके हैं। रमईपुर से कबरई तक फोरलेन बनता है तो कानपुर, हमीरपुर और महोबा सहित आसपास के जिलों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिल सकती है।
इससे जाम की समस्या कम होने, यात्रा सुगम बनने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही कानपुर से दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिल सकता है। फिलहाल सर्वे पूरा होने और रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद ही परियोजना की आगे की प्रक्रिया और निर्माण से संबंधित स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।