Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण जाम, रेफर मरीज की फंसी कार, समय पर इलाज न मिलने से गई जान

    By Amit MishraEdited By: Anurag Shukla
    Updated: Fri, 06 Feb 2026 02:32 PM (IST)

    हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण जाम के कारण एक गंभीर मरीज संजय यादव की मौत हो गई। सुमेरपुर-हमीरपुर के बीच लगे कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसे होने ...और पढ़ें

    दिवंगत संजय यादव। फाइल फोटो

    दिवंगत संजय यादव। फाइल फोटो

    HighLights

    1. कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण जाम में फंसा मरीज।

    2. समय पर इलाज न मिलने से संजय यादव की मौत।

    3. ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं पर उठे सवाल।

    जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर-हमीरपुर-सागर हाईवे पर लाइलाज जाम आफत बन गया है। गुरुवार रात कमजोर ट्रैफिक व्यवस्था के कारण सुमेरपुर-हमीरपुर के बीच कई किमी. लंबा जाम लगा। इसी जाम में फंसे एक गंभीर मरीज को समय से इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई। इसके बाद स्वजन शव लेकर घर लौट गए। जहां पर मरीज की मौत हुई, वहां से जिला अस्पताल की दूरी करीब 20 किमी. है।

    सामान्य ट्रैफिक रहने पर यह दूरी 20 से 25 मिनट में पूरी हो जाती है, लेकिन जाम के कारण कार को आगे बढ़ने का रास्ता ही नहीं मिला और मरीज ने दम तोड़ दिया। इससे पहले भी इसी हाईवे पर गर्भवती महिला और एक महिला के गर्भ में शिशु की मौत भी जाम में फंसने के कारण हो चुकी है।

    जनपद के जलालपुर क्षेत्र के धौहल बुजुर्ग गांव के चंदा डेरा मुहल्ला निवासी 33 वर्षीय संजय यादव बुधवार को मौदहा क्षेत्र के मझगंवा गांव निवासी पत्नी मैना की बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। जहां शाम को अचानक संजय की तबीयत बिगड़ी और मुंह से खून की उल्टियां होने लगीं। स्वजन उसे सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

    स्वजन घर न जाकर वापस शादी वाले घर संजय को ले गए। जहां रात करीब तीन बजे संजय की दोबारा हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे फिर से सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। स्वजन उसे कार से हमीरपुर ले जा रहे थे, लेकिन सुमेरपुर और हमीरपुर के बीच हाईवे पर लगे भीषण जाम में कार फंस गई, और आगे निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला। इस बीच संजय की हालत और बिगड़ती चली गई।

    खबरें और भी

    मृतक के भाई बब्बू यादव ने बताया कि जाम में फंसे रहने के कारण इलाज नहीं मिल सका। इससे संजय की कमरिया गांव के पास पहुंचे थे कि तभी संजय ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन शव लेकर घर लौट गए। संजय की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मैना, तीन वर्षीय बेटी परी व अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर ट्रैफिक प्रबंधन, आपातकालीन मरीजों के लिए रास्ता खोलने और रात की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


    सीओ सदर राजेश कमल ने बताया की बेतवा पुल पर रात डंपर खराब होने के कारण जाम लगा था। जिसे कुछ समय बाद खुलवा दिया गया था। जाम में फंसे व्यक्ति की मौत के संबंध में जानकारी नहीं है। यदि ऐसी कोई घटना हुई है तो जांच की जाएगी।