मौदहा में अवैध पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई, तीन सील, दो हिरासत में
मौदहा में अवैध रूप से संचालित तीन पैथोलॉजी लैब और एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया है। दो संचालकों को हिरासत में लेकर एक सप्ताह में दस्तावेज प ...और पढ़ें

मौदहा के एक पैथालाजी में जांच करते डिप्टी सीएमओ सीबी राजपूत। जागरण
HighLights
एसडीएम व डिप्टी सीएमओ ने पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मौदहा में की छापेमारी
टीम ने मौके पर दो पैथालाजी के संचालकों को हिरासत में लिया, शुरू की गई जांच
संवाद सहयोगी, मौदहा(हमीरपुर)। अवैध रूप से पैथालाजी व अल्ट्रासाउंड केंद्रों का संचालन होने की सूचना पर शुक्रवार को एसडीएम करनवीर सिंह व डिप्टी सीएमओ सीबी राजपूत ने पुलिस की संयुक्त टीम के साथ कस्बे में छापेमारी करके मानक विहीन तीन पैथालाजी व एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील करते हुए दो संचालकों को हिरासत में लिया है। संचालकों से एक सप्ताह में सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। इस कार्रवाई से कस्बे में अल्ट्रासाउंड व पैथालाजी सेंटरों का संचालन करने वालों में हलचल मच गई है।
कस्बे में बिना मानकों के संचालित हो रहे पैथोलाजी व अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीबी राजपूत ने पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय की संयुक्त टीम के साथ स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने इस दौरान कस्बा स्थित मंडी गेट के सामने संचालित स्टैंडर्ड पैथालाजी में कोई भी दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे सील करते हुए संचालक वकार अहमद पुत्र वसी अहमद को हिरासत में लिया है।
वहीं सरकारी अस्पताल के पास इंडियन अल्ट्रासाउंड एंड पैथालाजी में भी छापेमारी के दौरान दस्तावेज नहीं पाए जाने पर दोनों को सील करने की कार्रवाई की गई है। वहीं छापेमारी से बचने के लिए प्रतिष्ठान बंद करके भाग रहे तहसील रोड स्थित यश पैथालाजी के संचालक सहजाद अहमद को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। जहां अनियमितताएं मिलने पर उसे हिरासत में लेते हुए पैथालाजी को सील कर दिया गया। इस दौरान कई संचालक मौके से प्रतिष्ठान बंद करके भागने में भी सफल रहे। इसके बाद टीम ने मेडिकल स्टोरों पर भी जांच की, जिससे दवा विक्रेताओं में हलचल मच गई।
छापेमारी करके दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर तीन पैथालाजी व एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील करने के साथ दो संचालकों को हिरासत में लिया गया था। जिन्हें एक सप्ताह में सभी दस्तावेज पेश करने को कहते हुए छोड़ दिया गया है। एक सप्ताह बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- करनवीर सिंह, एसडीएम मौदहा।
संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सीबी राजपूत, डिप्टी सीएमओ।