हमीरपुर में दरिंदगी के बाद 3 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या, गांव में आक्रोश, पुलिस पर पथराव व वाहन तोड़े, भागे जवान
हमीरपुर में एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई है। आरोपी युवक को गिरफ्तार ...और पढ़ें

प्रतीाकात्मक तस्वीर।
HighLights
तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म कर गला घोंटकर हत्या
आरोपी युवक बच्ची के परिजनों संग तलाश में शामिल
परिजन लापरवाही का आरोप लगा पुलिस के वाहन तोड़े
संवाद सूत्र, मुस्करा (हमीरपुर)। हमीरपुर में तीन साल की बच्ची से दरिंदगी और हत्या के मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। एक युवक बच्ची को अगवा कर खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी गला कसकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से लोगों में आक्रोश है। पुलिस के वाहन तोड़ दिए गए हैं।

घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर अरहर के खेत में ले जाकर दुष्कर्म की घटना के बाद आरोपित ने बच्ची की पैजामी से उसकी गला कसकर हत्या कर दी। बच्ची को खोजने निकले स्वजन के साथ आरोपित भी तलाश कराता रहा और स्वजन को बरगलाता रहा।
स्वजन को कुछ शक हुआ तो वह उसकी बातों को नजर अंदाज करके एक खेत तरफ पहुंचे, जहां बच्ची का शव पड़ा था। जिसके बाद शक के आधार पर स्वजन ने आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
घटना के बाद स्वजन में आक्रोश है और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव नहीं उठने दे रहे हैं। इस घटना से पूरे कस्बे में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से ही आरोपित शराब पीता रहा और उसके बाद ऐसी दिल दहलाने वाले घटना को अंजाम दे डाला।
कस्बा निवासी तीन वर्षीय मासूम बच्ची रविवार की दोपहर अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान कस्बा निवासी 35 वर्षीय हीरा बच्ची को अपने साथ ले गया और अरहर के खेत में ले जाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी ही पैजामी से गला कसकर हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर वापस घर आ गया।
स्वजन ने बताया कि जब उन्होंने शाम चार बजे बच्ची की तलाश की तो वह घर और पड़ोस में नहीं मिली। जिस पर स्वजन परेशान हो गए और पड़ोसियों के साथ बच्ची की तलाश शुरू कर दी। स्वजन का आरोप है कि उन्होंने बच्ची खोने की सूचना पुलिस को भी दी, लेकिन पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई।
पड़ोसी हीरा भी स्वजन के साथ बच्ची की खोजबीन में ग्रामीणों की भीड़ में शामिल रहा और स्वजन को गुमराह करता रहा। जिस पर घर के लोगों को हीरा पर शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान बच्ची का शव रात करीब आठ बजे कस्बे के गहरौली मार्ग स्थित बंबा के पास नई बस्ती मोहल्ले से लगे अरहर के खेतों में पड़ा मिला।
शव देख स्वजन दंग रह गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपित को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। वहीं आक्रोशित स्वजन ने घटना के बाद हंगामा करना शुरू कर दिया है और बच्ची का शव नहीं उठने दे रहे हैं। मौके पर सीओ राठ राजीव कुमार सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।
सीओ राठ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्वजन से मिलने वाली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। महिला पुलिस के द्वारा मौके की जांच की जा रही है।

मासूम की हत्या से आक्रोश: पुलिस पर पथराव, भागे जवान
हमीरपुर के राठ में मासूम के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी निर्मम हत्या के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने सीओ राठ समेत पुलिस की कई गाड़ियों पर भीषण पथराव कर दिया और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। भीड़ के भारी विरोध और पथराव के चलते पुलिसकर्मियों को मौके से भागना पड़ा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और हालात पर काबू पाने के लिए कई थानों की पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
गाड़ियों में तोड़फोड़: लाठी पटक कर भीड़ को किया तितर-बितर
घटना के बाद भड़की हिंसा में उपद्रवियों ने कई पुलिस वाहनों को निशाना बनाया। पथराव में सीओ राठ की गाड़ी, राठ कोतवाली, जलालपुर थाना, बिवांर थाना और डायल 112 की गाड़ियों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने और उग्र भीड़ को पीछे धकेलने के लिए पुलिस ने लाठियां पटक कर लोगों को मौके से तितर-बितर किया।
एसपी पहुंचे मौके पर: एफआईआर दर्ज, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी मृगांक शेखर पाठक खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्वजन से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध और हिंसा में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।