विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hamirpur News: प्रयागराज से भतीजे का शव लेकर आए चाचा पर हत्या का आरोप, मिले चोट के निशान

Published: Tue, 15 Jul 2025 05:11 PM (IST)

हमीरपुर में प्रयागराज से भतीजे का शव लेकर आए चाचा पर हत्या का आरोप लगा है। परिजनों ने हत्या की ...और पढ़ें

हमीरपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में घटना की जानकारी देता मृतक का पिता बाबू निषाद व मौजूद अन्य स्वजन। जागरण
हमीरपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में घटना की जानकारी देता मृतक का पिता बाबू निषाद व मौजूद अन्य स्वजन। जागरण

HighLights

  1. चाचा व अपने साथियों के साथ प्रयागराज मजदूरी करने गया था युवक
  2. घटना से स्वजन बेहाल, घटना संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने कराया पीएम

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। चाचा के साथ प्रयागराज मजदूरी करने गए भतीजे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। हमीरपुर शव लेकर आए चाचा के ऊपर स्वजन ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। जिसमें उसके सिर पर भारी चीज से चोट लगने पर मौत होने की पुष्टि हुई है। इस घटना से मृतक के स्वजन बेहाल हैं।

सदर कोतवाली के नौबस्ता मोहल्ला निवासी बाबू निषाद का 23 वर्षीय पुत्र रोहित उर्फ भूरा दो जुलाई को कुरारा निवासी ठेकेदार रामबाबू के साथ प्रयागराज में अपने चाचा व मुहल्ले के कुछ साथियों संग मजदूरी करने गया था। 

पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद मृतक रोहित के पिता बाबू निषाद ने बताया कि यह सभी लोग रेलवे ट्रैक बनाने के काम में लगे थे। वहीं इन्हें रहने को कमरा भी मिला था। ठेकेदार के अंडर में वह काम करने लगा। रोहित का चाचा भी मजदूरी करता था। दोनों साथ ही रहते थे। 

पिता ने बताया कि रविवार की रात प्रयागराज में संदिग्धावस्था में रोहित घायल हुआ। जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। उसका भाई शव लेकर एंबुलेंस से यहां आ गया। घटना को संदिग्ध मानते हुए पिता ने चाचा पर पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए सदर कोतवाली में तहरीर दी है। 

वहीं मृतक के भाई शिवम ने बताया कि बीती रात प्रयागराज से साथ काम करने वाले अरुण ने फोन से बताया कि रोहित का चाचा से विवाद हुआ था। जिसके बाद रोहित की मौत हुई। स्वजन को रात में ही रोहित की मौत की सूचना भी मिल गई थी। 

सुबह जैसे ही चाचा शव लेकर आया वैसे ही स्वजन ने पुलिस को सूचना कर दी। जिसके बाद पुलिस ने चाचा को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। 

इस संबंध में कोतवाल राकेश कुमार का कहना है कि मृतक के चाचा संजय से पूछताछ की जा रही है। अभी कोई तहरीर भी नहीं मिली है। सिर में चोट और नाक में चोट के निशान मिले हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।