यूपी के सरकारी स्कूल में मिडडे मील में परोसी गई कीड़ों वाली दाल, ग्रामीणों ने किया हंगामा
धनौरी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मिड-डे मील में कीड़े वाली दाल परोसी गई, जिससे उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों के हंगामे के बाद बी ...और पढ़ें

धनौरी गांव में प्रथामिक विद्यालय में अभिभावकों को समझाते बीईओ शैलेश त्रिपाठी। जागरण
HighLights
राठ के धनौरी गांव के प्राथमिक विद्यालय का मामला, बीईओ ने की जांच
गुरुवार को हुई घटना, नाराज बच्चों ने खाना खाने से कर दिया था इन्कार
संवाद सहयोगी, राठ (हमीरपुर)। राठ के धनौरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को बच्चों को मिडडे मील में कीड़ों वाली दाल परोस दी गई। दाल में कीड़े दिखाई देने पर बच्चों ने भोजन करने से इन्कार कर दिया। शुक्रवार को विद्यालय में अभिभावकों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। बीएसए मुकेश खरवार के निर्देश पर बीईओ शैलेश त्रिपाठी ने जांच की। उन्होंने जांच कर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
राठ थाना क्षेत्र के धनौरी गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में करीब 152 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। कक्षा पांच के छात्र सौरभ, सुमित, विकास, अनिकेत ने बताया कि गुरुवार को मिडडे मील में अरहर की दाल व चावल परोसा गया। घर पहुंचकर बच्चों ने अपने स्वजन को बात बताई तो अभिभावक शुक्रवार को विद्यालय पहुंचे।
ग्रामीणों को आता देख प्रधानाध्यापक प्रतिमा गुप्ता ने विद्यालय का मुख्य गेट बंद करा दिया। ग्रामीणों ने गेट खुलवाया और विरोध प्रदर्शन किया। रसोइया रामरती ने प्रधानाध्यापक पर जबरन कीड़ों वाली दाल बनवाने का आरोप लगाया है। प्रधानाध्यापक का कहना है कि रसोइया ने दोबारा भोजन बनाने से मना कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
बीईओ ने बच्चों, ग्रामीणों, रसोइया और विद्यालय स्टाफ से जानकारी सी। बीईओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीएसए ने बताया कि तत्काल मौके पर बीईओ को भेजकर मामला शांत करा दिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।