विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अग्रवाल महासभा चुनाव: 20 घंटे चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित, अतुल चौकड़ायत के सिर सजा अध्यक्ष पद का ताज

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:11 AM (IST)Updated: Tue, 22 Sep 2026 11:16 AM (IST)

हापुड़ में अग्रवाल महासभा के त्रैवार्षिक चुनाव में महाराजा अग्रसेन सेवा ग्रुप के अतुल चौकड़ायत अध्यक्ष चुने गए हैं। करीब ...और पढ़ें

विजयी अतुल चौकड़ायत।

विजयी अतुल चौकड़ायत।

HighLights

  1. अतुल चौकड़ायत अग्रवाल महासभा हापुड़ के अध्यक्ष चुने गए।

  2. महाराजा अग्रसेन सेवा ग्रुप ने छह पदाधिकारी पद जीते।

  3. करीब 20 घंटे चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित।

जागरण संवाददाता, हापुड़। अग्रवाल महासभा हापुड़ के त्रैवार्षिक चुनाव में महाराजा अग्रसेन सेवा ग्रुप के अतुल चौकड़ायत ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। करीब 20 घंटे चली मतगणना के बाद बुधवार सुबह चुनाव परिणाम घोषित किया गया।

परिणाम सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। दीवान इंटर कॉलेज के बाहर समर्थकों ने आतिशबाजी कर और ढोल की थाप पर जश्न मनाया।

चुनाव में 5837 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 4523 ने मतदान किया था। मतदान के बाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे मेरठ रोड स्थित दीवान इंटर कॉलेज में मतगणना शुरू हुई।

शुरुआत में 21 मतपत्रों की हुई गिनती फिर...

शुरुआत में कार्यकारिणी के 21 सदस्यों के मतपत्रों की गिनती की गई। इसके बाद पदाधिकारी पदों के मतों की गिनती शुरू हुई। मतगणना की गति धीमी होने के कारण देर रात तक परिणाम को लेकर असमंजस बना रहा।

अंतिम परिणाम में अध्यक्ष पद पर अतुल चौकड़ायत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र गुप्ता, मंत्री पद पर विमेश गोयल और कोषाध्यक्ष पद पर शरद अग्रवाल विजयी रहे।

ये सभी महाराजा अग्रसेन सेवा ग्रुप से हैं। कुल 10 पदाधिकारी पदों में से छह पर अतुल चौकड़ायत के ग्रुप के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि चार पदों पर दूसरे ग्रुप के प्रत्याशी विजयी रहे।

counting maharaja agrasen mahasabha election

दोनों ग्रुप से 62 प्रत्याशी मैदान में थे

चुनाव में अतुल चौकड़ायत के नेतृत्व वाले महाराजा अग्रसेन सेवा ग्रुप और ललित अग्रवाल के नेतृत्व वाले अग्रबंधु सेवा ग्रुप के बीच मुकाबला था। दोनों ग्रुप से 62 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें 10 पदाधिकारी और 21 कार्यकारिणी सदस्य चुने जाने थे।

मतगणना स्थल के बाहर परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

मतगणना स्थल के बाहर दो पक्षों में हुई थी मारपीट

अग्रवाल महासभा के चुनाव की मतगणना के दौरान सोमवार रात मतगणना स्थल के बाहर मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

नगर कोतवाली क्षेत्र में अग्रवाल महासभा के चुनाव की मतगणना चल रही थी। बताया गया कि मतगणना स्थल के बाहर किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई।

दो लोग हिरासत में

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। कुछ देर तक मौके पर हंगामा होता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।

मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

उधर, मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में अब बिना पीयूसीसी नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, 1 अक्टूबर से लागू होगी नई पॉलिसी