विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी चुनाव से पहले ही गढ़ में गरमाया माहौल, सोशल मीडिया पर 'देसी अंदाज' से वोटरों को साध रहे दावेदार

Published: Fri, 23 Oct 2026 05:01 PM (IST)

गढ़ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की घोषणा से पहले ही संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं। वे ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव से पहले इंटरनेट मीडिया पर छिड़ी सियासी जंग। जागरण

विधानसभा चुनाव से पहले इंटरनेट मीडिया पर छिड़ी सियासी जंग। जागरण

HighLights

  1. संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।

  2. ग्रामीण परिवेश से जुड़ाव दिखाकर मतदाताओं के बीच पैठ बना रहे हैं।

  3. क्षेत्र में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर चर्चाएं तेज हुई हैं।

अशरफ चौधरी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। गढ़ विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज होने लगी है। चुनाव की घोषणा में भले ही अभी समय हो, लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के साथ ही मतदाताओं के बीच पैठ बनाने की कवायद शुरू कर दी है।

कोई खेतों में चारा लाते हुए दिखाई दे रहा है तो कोई भैंसा-बुग्गी चलाकर ग्रामीण परिवेश से जुड़ाव दिखा रहा है। कुछ संभावित उम्मीदवार ट्रैक्टर चलाते हुए अपनी तस्वीरें और वीडियो प्रसारित कर रहे हैं। इन गतिविधियों के जरिए खुद को आमजन के बीच सहज, सक्रिय और जमीन से जुड़ा नेता साबित करने की कोशिश की जा रही है।

फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप ग्रुपों में तस्वीरों, वीडियो, शुभकामना संदेशों और बधाई पोस्ट के जरिए अपनी सक्रियता बढ़ाई जा रही है। क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों से लेकर ग्रामीण जीवन से जुड़ी गतिविधियों तक को प्रचार का माध्यम बनाया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती सक्रियता से चुनावी माहौल समय से पहले ही गरमाने लगा है। संभावित प्रत्याशी केवल अपनी सक्रियता दिखाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

कुछ लोग पूर्व में कराए गए कार्यों की सराहना कर रहे हैं तो कुछ उनकी कमियां उजागर करने में जुटे हैं। विकास, जनसमस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने के साथ मतदाताओं तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

दुकानों से लेकर होटलों तक चुनावी चर्चाएं

नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक चाय की दुकानों, बाजारों, होटलों और निजी कार्यालयों में सुबह से शाम तक आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। लोग पुराने प्रत्याशियों के राजनीतिक प्रदर्शन का आकलन करने के साथ नए चेहरों की संभावनाओं पर भी चर्चा कर रहे हैं। इस बार कौन चुनाव मैदान में उतरेगा और किसे राजनीतिक दल का समर्थन मिलेगा, यह सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुराने चेहरों के साथ नए दावेदार भी सक्रिय

गढ़ विधानसभा क्षेत्र में पुराने राजनीतिक चेहरों के साथ कुछ नए लोग भी चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। संभावित दावेदारों की बढ़ती गतिविधियों से राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। फिलहाल चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रचार की होड़ ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

अब देखना होगा कि समय के साथ यह ऑनलाइन सक्रियता मतदाताओं के बीच कितनी पकड़ बना पाती है और चुनाव की घोषणा के बाद सियासी तस्वीर किस करवट बैठती है।

यह भी पढ़ें- MLC Election 2026 Live: हापुड़-नोएडा में शांतिपूर्ण मतदान, समाजवादी पार्टी का औरैया में बूथ कैप्चरिंग का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।