हापुड़ में विद्युत विभाग की नाकामी, जानलेवा तारों से खतरा; 20 साल से बिजली के खंभों का इंतजार
हापुड़ के राजीव विहार की गली नंबर तीन में 20 साल से बिजली के खंभे नहीं लगे हैं, जिससे तार घरों की छतों से होकर गुजर रहे हैं और हादसे का डर बना हुआ है। ...और पढ़ें
-1778504635739_m.webp)
20 साल बाद भी गली में नहीं लगे बिजली पोल। जागरण
हर्ष अग्रवाल, हापुड़। हापुड़ शहर की बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला राजीव विहार की गली नंबर तीन में 20 साल से विद्युत पोल नहीं लगे है। यहां के रहने वाले लोग जिम्मेदारों के चक्कर काट-काट कर परेशान हो चुके है, लेकिन जिम्मेदार पोल लगवाने को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे है। विद्युत तार घरों की छत से छू कर निकल रहे हैं, जिससे हादसा होने का डर लगा रहता है।
दीपक, नीरज, अभिषेक प्रजापति ने बताया कि मोहल्ले में सबसे पहले गली नंबर तीन में बसावत हुई थी। तब से लेकर आज तक गली में विद्युत पोल नहीं लगे है। जबकि पूरे मोहल्ले में अन्य स्थानों पर ऊर्जा निगम ने पोल लगाए है।
इस संबंध में वार्ड सभासद व ऊर्जा निगम से लेकर प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, इसके बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।
रात के समय अंधेरा होने के चलते सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है। गली में अंधेरा होने से वारदातों का भी डर रहता है। काफी बार गली के कुत्तों ने लोगों पर हमला भी कर दिया है। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
विद्युत पोल नहीं होने के चलते तार घरों, पेड़-पौधों से होकर गुजर रहे है। कभी भी करंट लगना और आग लगने की दुर्घटना हो सकती है। कुछ महीने पहले जिओ के लगे पोल पर करंट उतर गया था। जिसकी चपेट में तीन बच्चे आ गए थे। - कुंवरपाल सिंह
जिलाधिकारी कार्यालय पर तीन बार शिकायत की जा चुकी है, वहां से जल्द समाधान कराने का आश्वासन मिल जाता है, लेकिन आश्वासन कागजों में ही सिमट कर रह जाता है। अंधेरे में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। - मामचंद सिंह
आने वाले दिनों में बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। खुले में फैले तारों से स्थिति ओर भी जोखिम भरी हो जाती है। समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, जिससे गली के लोगों को राहत मिल सके। - भोले सिंह पाल
लिखित शिकायत देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अगर गली की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो, मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत की जाएगी। - राजीव कुमार
टेक्निकल कमी के कारण गली में विद्युत पोल नहीं लगे होंगे। खुद जाकर गली का निरीक्षण करके स्थिति का जायजा लिया जाएगा। टेक्निकल दिक्कत नहीं होने पर पोलों को लगवाया जाएगा। - सचिन द्विवेदी, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम