देश का सबसे प्रदूषित शहर बना हापुड़, आधी रात को AQI पहुंचा 306; यूपी का खोड़ा दूसरे स्थान पर
हापुड़ आधी रात को 306 एक्यूआइ के साथ देश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया, बड़ौत के साथ संयुक्त रूप ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
हापुड़ देश का सबसे प्रदूषित शहर घोषित।
आधी रात को AQI 306 पर पहुंचा।
धीमी हवा से प्रदूषक तत्व जमा हुए।
जागरण संवाददाता, हापुड़। दिनभर प्रदूषण की मार झेल रहे हापुड़ की हवा आधी रात होते-होते और देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित हो गई। तापमान में गिरावट और हवा की रफ्तार धीमी पड़ने से प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा होते रहे।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रात 12 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, हापुड़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) बढ़कर 306 पर पहुंच गया। इसके साथ ही हापुड़ देश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों की सूची में बड़ौत संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गया। बड़ौत में भी एक्यूआइ 306 दर्ज किया गया, जबकि 303 एक्यूआइ के साथ खोड़ा दूसरे स्थान पर रहा।
सुबह से हापुड़ का एक्यूआइ 250 के आसपास बना हुआ था, लेकिन रात तक इसमें तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। हवा का प्रवाह धीमा होने से धूल और धुएं के कण वातावरण में फैलने के बजाय जमा होते रहे। इससे प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता गया। रात में भी हवा की गुणवत्ता खराब रहने से लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ गया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
सांस के मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी
एक्यूआइ 306 का स्तर बेहद खराब श्रेणी में आता है। ऐसी स्थिति में लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है। वहीं, अस्थमा और फेफड़ों संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क पहनने की सलाह दी जाती है।
