हापुड़ में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, लेखपाल की रिपोर्ट दरकिनार; अब फिर शुरू हुई बेदखली
हापुड़ के धौलाना में तहसील कार्यालय के पास ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला फिर गरमा गया है। लेखपाल की पुष्टि के बावजूद पूर्व में इसे नजरअंदा ...और पढ़ें

हापुड़ में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा। सांकेतिक तस्वीर
संवाद सहयोगी, धौलाना (हापुड़)। हापुड़ के धौलाना में तहसील कार्यालय से महज चंद कदम की दूरी पर ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।
आरोप है कि लेखपाल की जांच आख्या में अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बावजूद उसे नजरअंदाज कर दिया गया और भूमाफिया ने सरकारी भूमि पर कब्जा बनाए रखा।
शिकायत सामने आने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर बेदखली का वाद दोबारा बहाल कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता राम भरोसे तोमर ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व तहसील कार्यालय के पास स्थित ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा था।
इस संबंध में उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जांच के बाद प्रशासन ने अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बेदखली की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। मामले में धौलाना के लेखपाल ने मौके की जांच कर अवैध कब्जे की स्पष्ट पुष्टि करते हुए अपनी रिपोर्ट भी दाखिल की थी।
आरोप है कि इसके बावजूद तत्कालीन तहसीलदार ने लेखपाल की रिपोर्ट के विपरीत निर्णय लेते हुए कब्जे को सही ठहरा दिया, जिसके चलते ग्राम समाज की भूमि पर आज तक अवैध कब्जा बना हुआ है। अब इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने पत्र जारी कर कब्जाधारियों के खिलाफ दोबारा बेदखली का मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं।
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी हाल में अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ न केवल बेदखली की कार्रवाई की जाएगी, बल्कि जुर्माना लगाने के साथ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।