Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, गेहूं की 30% फसल गिर गई; चिंता में किसान

    Updated: Mon, 06 Apr 2026 04:59 PM (IST)

    हापुड़ जिले में मार्च और अप्रैल में लगातार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। गेहूं की 30% फसल गिर गई है, जिससे दाना कम ...और पढ़ें

    ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। जागरण

    ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। जागरण

    HighLights

    1. हापुड़ में मार्च-अप्रैल की बारिश से फसलें प्रभावित।

    2. गेहूं की 30% फसल गिरी, दाना कमजोर हुआ।

    3. सरसों, आलू को भी ओलावृष्टि से नुकसान।

    संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। हापुड़ जिले में मार्च माह में कई बार हुई वर्षा के बाद यह सिलसिला अप्रैल माह में भी नहीं रुक पा रहा है। दोपहर तक धूप के बाद अचानक आसमान में बादल छाने एवं तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने से किसानों के हाेश उड़ जाते है। रविवार को तो अनेक स्थानों पर वर्षा के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता को और बढ़ा दिया है।

    जिले के किसानों की समस्या इस बार हल होने का नाम नहीं ले रही है। आलू और मटर में मंदी की मार झेल चुके किसानों को गेहूं की फसल से कुछ उम्मीद थी, लेकिन मार्च एवं अप्रैल माह में हुई वर्षा ने गेहूं किसानों की नींद उड़ा दी है।

    पिछले एक माह से गेहूं में ग्रोथ एवं पकने की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच तेज हवाओं के साथ कई बार हुई वर्षा ने किसानों की गेहूं की फसल को भी बर्बाद कर दिया।

    उत्पादन पर पड़ता है असर 

    दरअसल, मार्च माह में गेहूं में दाना पड़ जाता है। दाने को विकसित करने के लिए उस समय सिंचाई की आवश्यकता होती है। यदि उस समय सिंचाई नहीं की जाती है तो दाना कमजोर रह जाता है, जिससे सीधे तौर पर उत्पादन पर असर पड़ता है।

    किसानों का कहना है कि तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा ने किसानों की करीब 30 प्रतिशत फसल को जमीन पर गिरा दिया है। इससे दाना कमजोर पड़ गया है। इस बीच अचानक रविवार को कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि ने किसानों को बेहाल कर दिया है।

    खबरें और भी

    किसानों को नुकसान होना तय

    किसानों का कहना है कि ओला गिरने से गेहूं की बाली टूट जाती है तो वहीं सरसों का दाना जमीन पर गिर जाता है। इसके अतिरिक्त आलू में गलन बैठ जाती है। ऐसे में किसानों को नुकसान होना तय है।

    वहीं, गिरी हुई गेहूं की फसल का दाना काला पड़ने एवं भूसा पीला होने के आसार बनते जा रहे हैं। वहीं गेहूं की कटाई तक प्रभावित हो गई है।

    फसलवार रकबा (हेक्टेयर में)
    फसल का नाम रकबा (हेक्टेयर)
    गेहूं 35,844
    सरसों 2,903
    आलू 4,609

    आपदा के दौरान फसलों को होने वाले नुकसान एवं किसानों को क्षतिपूर्ति मिले इसके लिए प्रत्येक वर्ष किसानों को फसल का बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाता है। लेकिन कुछ किसान ही अपनी फसलों का बीमा कराते हैं। - योगेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक