विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गौरव हत्याकांड हापुड़: आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन की मांग तेज

Updated: Fri, 21 Aug 2026 06:15 PM (IST)

हापुड़ में गौरव त्यागी की निर्मम हत्या के बाद लोगों का आक्रोश बढ़ गया है। राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, बुलडोजर एक्शन, मुठभेड़ और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की है।

आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग तेज। जागरण

आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग तेज। जागरण

HighLights

  1. गौरव त्यागी हत्याकांड में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।

  2. राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने हत्यारोपियों के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई मांगी।

  3. बुलडोजर कार्रवाई, एनकाउंटर और एक करोड़ मुआवजे की मांग।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में गौरव त्यागी की निर्मम हत्या को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई ने नगर पालिका परिषद परिसर स्थित शहीद स्तंभ पर प्रदर्शन कर खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन से पहले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ पर गौरव त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद हत्यारोपितों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया।

प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहीद स्तंभ पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गौरव त्यागी की हत्या ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया है। ऐसे जघन्य अपराध में शामिल हत्यारोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं, प्रदर्शन के बाद एसडीएम सदर प्रेमपाल सिंह और क्षेत्राधिकारी अनिता चौहान को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में हत्यारोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने समेत कई मांगें रखी गईं।

हत्यारोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग

संस्था के जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि गौरव त्यागी की हत्या करने वाले हत्यारोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने हत्यारोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को तत्काल पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मांगी

प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने कहा कि गौरव त्यागी के हत्यारोपितों के खिलाफ पुलिस को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने एनकाउंटर की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।

उन्होंने सीओ अनिता चौहान से हत्यारोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की। इस दौरान जिला सचिव मुकेश प्रजापति, जिला सूचना प्रसारण मंत्री श्याम वर्मा, वरिष्ठ जिला संरक्षक हरीराज सिंह त्यागी, ब्रजभूषण त्यागी, हेमराज त्यागी, राजकुमार वर्मा, दीपचंद प्रजापति समेत संस्था के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।