हापुड़ हाइवे पर दबंगई: कार रोककर युवकों से मारपीट और फायरिंग, दहशत
हापुड़ में NH-334 पर छह अज्ञात हमलावरों ने एक कार को रोककर उसमें सवार चार युवकों के साथ बेल्ट और लात-घूसों से मारपीट की। ...और पढ़ें

हाइवे पर दबंगई, कार रोककर युवकों से मारपीट और फायरिंग। तस्वीर- एआई जनरेटेड
HighLights
NH-334 पर कार रोककर युवकों से मारपीट
हमलावरों ने बेल्ट, लात-घूसों से हमला किया, फायरिंग
पुलिस ने छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में एनएच-334 पर बुधवार देर रात हाइवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार सवार छह आरोपितों ने दूसरी कार को बीच सड़क पर रुकवाकर उसमें सवार चार युवकों के साथ मारपीट कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने बेल्ट और लात-घूसों से हमला करने के साथ फायरिंग भी की तथा ईंट मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जिला गाजियाबाद के थाना मोदीनगर क्षेत्र के गांव रोरी के शिवम ने बताया कि बुधवार रात करीब दस बजे वह अपने दोस्त सादिक, शाकिर और सावेज के साथ थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के एनएच-334 स्थित गांव पटना के पास अग्रवाल पराठा होटल पर कोल्डड्रिंक पी रहा था।
छह युवक पहुंचे और करने लगे गाली-गलौज
आरोप है कि इसी दौरान एक कार में सवार होकर छह युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ता देख वह अपने दोस्तों के साथ कार में बैठकर वहां से निकलने लगा। आरोप है कि तभी दूसरी कार में सवार आरोपितों ने उनकी कार को बीच हाइवे पर रुकवा लिया।
खबरें और भी
इसके बाद सभी आरोपितों ने बेल्ट, लात-घूसों और थप्पड़ों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, ईंट मारकर उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया गया।
मारपीट और फायरिंग से हाइवे पर मौजूद अन्य वाहन चालकों में भी दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित इसके बाद थाना देहात पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल और होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।