हापुड़ में सांसद प्रतिनिधि की बेटी की शादी में चोरी करने वाला दबोचा, 1.80 लाख रुपये और लिफाफे बरामद
हापुड़ देहात पुलिस ने सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली की बेटी की शादी में लाखों रुपये से भरा ट्राली बैग चुराने वाले संजू को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

व्यापारी नेता अशोक बबली की बेटी के विवाह समारोह में चोरी हुई थी।
HighLights
सांसद प्रतिनिधि की बेटी की शादी में चोरी का मामला।
हापुड़ पुलिस ने आरोपी संजू को किया गिरफ्तार।
1.80 लाख रुपये और चोरी का ट्राली बैग बरामद।
जागरण संवाददाता, हापुड़। सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि एवं व्यापारी नेता अशोक बबली की बेटी के विवाह समारोह में लाखों रुपये से भरा ट्रॉली बैग चोरी करने वाले शातिर आरोपित को हापुड़ देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी के रुपयों में से 1.80 लाख, ट्राली बैग, एक चाकू तथा शादी में मिले वीआईपी मेहमानों के 14 खाली बधाई लिफाफे बरामद किए हैं।
देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि 11 जुलाई को अशोक बबली की पुत्री के विवाह समारोह के दौरान एक चोर मैरिज हाल की खिड़की के रास्ते कमरे में घुसा और कन्यादान में मिले नकदी से भरा ट्रॉली बैग लेकर फरार हो गया था।
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम आरोपित की तलाश में जुटी थी। रविवार रात भीमनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एलएन रोड-लोधीपुर मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम संजू निवासी भीमनगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से ट्राली बैग, 1.80 लाख रुपया, एक चाकू और 14 खाली बधाई लिफाफे बरामद हुए, जिन पर शहर के प्रतिष्ठित लोगों और जनप्रतिनिधियों के नाम लिखे थे।
कबूला 5.10 लाख रुपये खर्च कर दिए गए
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए बैग में इससे अधिक नकदी थी, जिसमें से 5.10 लाख खर्च करने का दावा उसने किया है। पुलिस अब आरोपित से शेष रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पूछताछ कर रही है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।