विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में फिर लौटेगी साप्ताहिक बाजार की रौनक, गोल मार्केट और रामलीला मैदान के बाद अब कहां मिला नया ठिकाना?

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:29 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 27 Oct 2026 05:38 PM (GMT+05:30)

हापुड़ में लंबे समय से बंद साप्ताहिक बाजार को लेकर बना असमंजस खत्म हो गया है। अब यह बाजार मेरठ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।

HighLights

  1. हापुड़ का साप्ताहिक बाजार फिर से शुरू होगा।

  2. मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे लगेगा नया बाजार।

  3. छोटे व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेगी राहत।

संवाद सहयोगी, हापुड़। हापुड़ में लंबे समय से बंद साप्ताहिक बाजार को लेकर बना असमंजस आखिरकार समाप्त हो गया है। अब आने वाले रविवार से मेरठ रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे बाजार सजेगा।

शनिवार को पथ विक्रेता समिति की बैठक में इस स्थान पर दुकानें लगाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई है। इस निर्णय से छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

बता दें शहर में साप्ताहिक बाजार लगाने की परंपरा दशकों पुरानी है। शुरुआत में गोल मार्केट और कोठी गेट क्षेत्र में दुकानें सजती थीं। समय के साथ ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी। इसके चलते बाजार को फ्रीगंज रोड पर स्थानांतरित कर दिया गया।

कुछ महीने पहले कराया गया रामलीला मैदान में बाजार बंद

वहां भी जाम की समस्या सामने आई तो, दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान को नया ठिकाना बनाया गया। हालांकि, कुछ महीने पहले यहां भी बाजार बंद करा दिया गया था। इसके बाद से छोटे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।

साप्ताहिक बाजार में कपड़े, जूते, घरेलू सामान और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री करने वाले छोटे व्यापारी अपनी कमाई के लिए इसी दिन पर निर्भर रहते हैं। बाजार बंद होने से उनकी आमदनी प्रभावित हुई।

कई परिवारों के सामने दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया। दूसरी ओर, कम कीमत पर सामान खरीदने के लिए यहां पहुंचने वाले ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

फ्लाईओवर के नीचे बाजार बसाने की है तैयारी

पथ विक्रेता समिति की बैठक में मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे बाजार संचालित करने पर सहमति बनने के बाद कारोबारियों को नई शुरुआत की उम्मीद जगी है। रविवार से दुकानें लगने के साथ ही छोटे व्यापारियों को फिर से ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे साप्ताहिक बाजार लगेगा। शहर में किसी भी दूसरे स्थानों पर साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति नहीं है। बाजार लगने के बाद व्यापारियों समेत रेहड़ी-पटरी वालों को राहत मिलेगी।
-संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, हापुड़

यह भी पढ़ें- शालीमार बाग का साप्ताहिक बाजार अब दूसरी जगह होगा शिफ्ट, दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।