हरदोई के 23 छात्रों ने यूजीसी नेट-जेआरएफ में लहराया परचम, शिक्षकों ने कहा- यह हमारे गौरव का क्षण
सीएसएन पीजी कॉलेज, हरदोई के 23 विद्यार्थियों ने जून में आयोजित यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिसमें 4 ने जेआरएफ और 19 ने नेट उत्तीर्ण किया।

HighLights
सीएसएन पीजी कॉलेज के 23 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
इनमें 4 ने जेआरएफ और 19 ने नेट क्वालीफाई किया।
प्राचार्य ने छात्रों की सफलता को गौरवपूर्ण बताया।
जागरण संवाददाता, हरदोई। सीएसएन पीजी कॉलेज के 23 विद्यार्थियों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जून में आयोजित यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें चार विद्यार्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) और 19 ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
विद्यार्थियों की सफलता पर कॉलेज के प्राचार्य व शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भूगोल विषय में काजल वर्मा और साक्षी आर्या ने जेआरएफ में सफलता हासिल की। वहीं कंचन प्रभा, राशि सिंह, आस्था शुक्ला, अंशिका राठौर, उपासना गौड़ और विपिन राठौर ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
राजनीति विज्ञान में सौरभ यादव ने जेआरएफ हासिल किया। मंजुल मिश्रा, सौम्या शर्मा, श्वेता वर्मा, सोनाली त्रिपाठी, विश्वजीत प्रताप सिंह और तस्बीहा अंसारी ने नेट में सफलता पाई। हिंदी विषय में अखिलेश सिंह ने जेआरएफ तथा गुलफ्शा, आकांक्षा राठौर, विकास वर्मा, रोशनी देवी, अर्पित दीक्षित और मोनू ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की।
अर्थशास्त्र में विनीता देवी ने नेट में सफलता हासिल की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. कौशलेंद्र कुमार सिंह और अन्य शिक्षकों ने मिष्ठान खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता कॉलेज के लिए गौरव की बात है और यह अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
राशन शिकायत शिविर में 24 मामले, 19 का मौके पर निस्तारण
संडीला। तहसील में मंगलवार को राशन शिकायत निस्तारण शिविर आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया की पहल पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविर की अध्यक्षता जितेंद्र कुमार पाठक ने की। शिविर में राशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं की कुल 24 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
पूर्ति निरीक्षक नरेंद्र चौबे ने बताया कि शेष पांच शिकायतों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। ग्राम बेगमगंज, आशु सराय, शिवनगरा, सांक मलैया, मौलवी खेड़ा और रसूलपुर समेत कई गांवों से ग्रामीण शिकायत लेकर पहुंचे।
शिकायतकर्ताओं ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए पहले कई बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते थे, उनका अब मौके पर ही समाधान हो रहा है। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।
