हरदोई के 119 स्कूल वाहनों की फिटनेस फेल होने पर नोटिस जारी, बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त
हरदोई में उप संभागीय परिवहन विभाग ने सड़क हादसों और नए शैक्षिक सत्र के मद्देनजर अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। 119 स्कूली वाहन ...और पढ़ें

HighLights
119 स्कूली वाहनों की फिटनेस फेल, नोटिस जारी।
1 से 15 अप्रैल तक विशेष जांच अभियान चलेगा।
नियम उल्लंघन पर वाहन जब्त, जुर्माना भी लगेगा।
जागरण संवाददाता, हरदोई। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और नवीन शैक्षिक सत्र की शुरुआत को देखते हुए उप संभागीय परिवहन विभाग ने अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग की ओर से एक से 15 अप्रैल तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसे लेकर अनफिट स्कूली वाहनों की सूची तैयार कराई गई है, जिसमें 119 स्कूली वाहन अनफिट पाए गए हैं। इनकी फिटनेस फेल है। इन वाहन स्वामियों को नोटिस जारी की गई है।
जनपद में 640 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं, इनमें प्राइवेट बसें, वैन आदि शामिल हैं। शैक्षिक सत्र की शुरुआत एक अप्रैल से होनी है। स्कूलों में अनफिट वाहन चलें, इसे लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि 119 अनफिट स्कूली वाहनों की सूची तैयार कराई गई है, जिनका फिटनेस फेल पाया गया है।
इसे लेकर एक से 15 अप्रैल तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बिना फिटनेस, परमिट या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बिना संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
निजी स्कूल संचालक करते मनमानी
शहरी क्षेत्र हो या फिर ग्रामीण क्षेत्र। अधिकांश स्कूली संचालकों ने स्कूली वाहनों को पंजीकृत तक नहीं कराया है। हालात यह हैं कि निजी स्कूलों में प्राइवेट वाहन लगाकर बच्चों को घर से विद्यालय लाने और विद्यालय से घर छोड़ने का कार्य धड़ल्ले से चल रहा है।
यह है स्कूली वाहन के नियम
वाहनों का रंग पीला होना चाहिए और उन पर स्कूल बस या वैन लिखा होना चाहिए। वाहनों में जीपीएस, सीसी कैमरा, स्पीड गवर्नर, अग्निशामक यंत्र, फर्स्ट एड बाक्स अनिवार्य हैं। साथ ही बच्चों के लिए महिला अटेंडेंट, जालीदार खिड़कियां और आपातकालीन द्वार आवश्यक हैं। वाहनों को टैक्स जमा होना चाहिए और फिटनेस होना चाहिए।