विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में फार्मर रजिस्ट्री न बनने से किसान परेशान, आधार-खतौनी नाम अंतर बड़ी बाधा

Published: Sat, 05 Sep 2026 01:27 AM (IST)

हरदोई में एक लाख से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आधार कार्ड और खतौनी में नाम के मामूली अंतर के कारण पूरी नहीं हो पाई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, हरदोई। कृषि विभाग के तमाम प्रयासों और विशेष अभियान के बावजूद जिले में शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार नहीं हो सकी है। कृषि विभाग के आंकड़ों में 12.5 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बन पाई है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पंजीकृत 8,03,250 किसानों में से अभी करीब एक लाख 450 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पाई है। सबसे बड़ी समस्या आधार कार्ड और खतौनी में दर्ज नाम में अंतर होने से आ रही है। नाम में मामूली अंतर होने पर भी आनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।

इसके अलावा चकबंदी गांवों के 45 हजार किसान है, जिनकी भी फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पा रही है। फार्मर रजिस्ट्री न बनने से किसानों को खाद, बीज समेत कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रजिस्ट्री तैयार कराने के लिए किसानों को आधार कार्ड और खतौनी में दर्ज नाम का मिलान कराना पड़ रहा है। नाम में अंतर होने की स्थिति में अभिलेखों में संशोधन के लिए किसान तहसीलों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

उप निदेशक कृषि राजेश कुमार ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें किसान की भूमि और अन्य संबंधित विवरण दर्ज किए जाते हैं।

कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ देने में फार्मर रजिस्ट्री का प्रयोग किया जा रहा है। अब तक 87.5 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार हो चुकी है। शेष किसानों की रजिस्ट्री भी जल्द से जल्द तैयार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वयं या राजकीय कृषि बीज भंडार से बनवा सकते हैं फार्मर रजिस्ट्री

किसान एंड्राइड फोन के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी फार्मर रजिस्ट्री बना सकते हैं। इसके अलावा जनसेवा केंद्र या राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर भी फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराई जा सकती है। फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए किसान के पास आधार कार्ड, खतौनी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।