विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में कार की टक्कर से 3 की मौत, गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर हुआ हादसा

Published: Sun, 29 Mar 2026 07:06 PM (IST)Updated: Sun, 29 Mar 2026 07:13 PM (IST)

हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अंडरपास से सर्विस रोड पर आ रही बाइक को तेज ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, सवायजपुर। गंगा एक्सप्रेस-वे के अंडरपास से निकलते ही एक कार ने बाइक सवार तीन जिंदगियां निगल लीं। अंडरपास से सर्विस रोड पर बाइक के आते ही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार साले-बहनोई समेत तीन की मौत हो गई। कार सवार समेत दो व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज अस्पताल भिजवा दिया है।

सवायजपुर के ग्राम बंतला के दीपक रविवार की दोपहर गेहूं की फसल काटने के लिए दराती लेने सवायजपुर गए थे। साथ में दीपक के बहनोई शाहजहांपुर के कांठ थाने के ग्राम बमरौली के रहने वाले गोविंद भी थे। दोपहर बाद दीपक अपने बहनोई व गांव के लंकुश और उसके बेटे होरीलाल को साथ लेकर बाइक से घर जा रहे थे।

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर

रास्ते में खितौली गांव के पास गंगा-एक्सप्रेस-वे के अंडरपास से निकलकर जैसे ही सर्विस रोड पर बाइक पहुंची। उसी समय रूपापुर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों व्यक्ति उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में चोट आने के कारण दीपक व उसके बहनोई और लंकुश की मौके पर मौत हो गई।

बाइक पर होरीलाल व कार में सवार शाहजहांपुर के खुदागंज निवासी निहाल गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सात से आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलाें को एंबुलेंस से मेडिकल कालेज अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने बताया कि कार की रफ्तार अधिक थी। अंडरपास से अचानक बाइक सर्विस रोड पर आते ही हादसे का शिकार हो गई। कार चालक फरार है। तहरीर मिलने पर एफआइआर दर्ज की जाएगी।

छह माह पहले हुई थी गोविंद की शादी

छह माह पहले गोविंद की शादी हुई थी। तीन दिन पहले पत्नी के साथ बंथला स्थित अपनी ससुराल आए थे। छह माह में नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया, जबकि गोविंद के साले दीपू अविवाहित थे। चार भाइयों में छोटे थे। हादसे में तीन मौतों से बंथला गांव में कोहराम मचा है।

यातायात नियमों की भूल कर गवाई जान

 बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने और नियमों को भूल कर लोग खुद के साथ दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। ऐसा ही गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर हुआ। बाइक कौन चला रहा था, इसकी तो पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। बाइक पर चार व्यक्ति सवार थे। कार की रफ्तार काल बनी, पलक झपकते तीन जिंदगियां चली गईं।