प्रतियोगी छात्रों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, हरदोई में खुली अभ्युदय लाइब्रेरी; डीएम ने किया युवाओं को प्रेरित
हरदोई में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत पुस्तकालय का शुभारंभ हुआ, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को ...और पढ़ें
-1793018091142_m.webp)
HighLights
हरदोई में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत पुस्तकालय का शुभारंभ।
जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने सफल अभ्यर्थियों को किया सम्मानित।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, हरदोई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत पुस्तकालय की सुविधा शुरू हो गई है। अब विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और पुस्तकों की सुविधा मिलेगी। सोमवार को जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने पुस्तकालय का शुभारंभ करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को सम्मानित किया।
उन्होंने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य बड़ा हो तो संकल्प भी मजबूत होना चाहिए। महाभारत में अर्जुन की तरह केवल लक्ष्य पर नजर रखें। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वालों के लिए कोई मंजिल मुश्किल नहीं होती। जिलाधिकारी ने फीता काटकर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं का निरीक्षण किया और वहां पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से संवाद किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े यूपी पुलिस उपनिरीक्षक, कांस्टेबल और होमगार्ड की चयन प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन युवाओं की सफलता दूसरे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा है। निरंतर प्रयास और सही दिशा में की गई मेहनत से सफलता प्राप्त की जा सकती है। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि मन के हारे हार है, मन के जीते जीत।
प्रतियोगी परीक्षाओं में केवल पढ़ाई ही नहीं, परीक्षा के दिन मन की स्थिति भी महत्वपूर्ण होती है। तनाव से बचकर धैर्य और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों को हल करें। असफलता से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर आगे बढ़ें। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बेडवाल ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्व बताया। कहा कि अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास जारी रखें। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।