हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेलंगाना से बरेली जा रहा परिवार हादसे का शिकार, चालक की मौत
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक कार दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेलंगाना से ...और पढ़ें

HighLights
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में चालक की मौत।
तेलंगाना से मनौना धाम जा रहा परिवार हादसे का शिकार।
तीन महिलाओं सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल रेफर।
जागरण संवाददाता, हरदोई। बीमार बेटी के ठीक होने की आस में तेलंगाना से मनौना धाम जा रहा परिवार मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में आलापुर गांव के पास तेज रफ्तार कार चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन महिलाओं समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बिलग्राम सीएचसी पहुंचाया, जहां से तीन की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
तेलंगाना के जनगांव जिले के गनपुर थाना क्षेत्र निवासी नागराजू की बेटी श्रीदेवी लंबे समय से बीमार चल रही है। कई जगह उपचार कराने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसी बीच किसी व्यक्ति ने परिवार को बरेली के मनौना धाम के बारे में बताया।
बेटी के स्वस्थ होने की उम्मीद में नागराजू परिवार के साथ कार से मनौना धाम के लिए निकल पड़े थे। परिवार रविवार रात घर से चला था और प्रयागराज की ओर से होकर बरेली जा रहा था। कार में नागराजू के अलावा उनकी पत्नी स्वर्णलता, बेटी श्रीदेवी, मां अनंत लक्ष्मी, साला संतोष और भाई मधु सवार थे।
मंगलवार सुबह बिलग्राम क्षेत्र में आलापुर गांव के पास पिलर नंबर 323 के नजदीक पहुंचने पर चालक संपत को नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी सवार घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची हाईवे टीम ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने चालक संपत को मृत घोषित कर दिया। स्वर्णलता, श्रीदेवी और अनंत लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिवार के लोगों को दी और मामले की जांच शुरू कर दी है।
