हरदोई में पिहानी चुंगी से खेतुई तक 10 KM लंबा मार्ग होगा फोर लेन, लोगों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत
हरदोई में पिहानी चुंगी से खेतुई तक 10.50 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाने की परियोजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। ...और पढ़ें

HighLights
पिहानी चुंगी से खेतुई तक 10.50 किमी फोरलेन मार्ग स्वीकृत।
67.97 करोड़ रुपये की परियोजना, जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
प्रथम किश्त जारी, निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू।
जागरण संवाददात, हरदोई। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित पिहानी चुंगी से खेतुई तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना को आखिरकार शासन से मंजूरी मिल गई है। करीब 10.50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को फोरलेन बनाए जाने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शहर में लगने वाले जाम से भी लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी। शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 67.97 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 3.32 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए हैं, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा एनएच-731 के अंतर्गत शाहजहांपुर मार्ग पर पिहानी चुंगी से खेतुई तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद अब इस परियोजना को गति मिलेगी। योजना के तहत शहर के भीतर इस मार्ग पर एक मीटर चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा, जिसके दोनों ओर लगभग 9-9 मीटर चौड़ी सड़क विकसित की जाएगी। इसके साथ ही फुटपाथ की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे पैदल चलने वालों को भी सुविधा मिलेगी।
यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त इलाकों से होकर गुजरता है, जहां प्रतिदिन भारी यातायात दबाव रहता है। वर्तमान में संकरी सड़क और बढ़ते वाहनों की संख्या के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। फोरलेन बनने के बाद यातायात सुचारु होगा और लोगों का समय भी बचेगा। व्यापारिक गतिविधियों को भी इससे गति मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संतोष रावत ने बताया कि स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सर्वे के अनुसार मार्ग पर अतिक्रमण कम है, जिसे प्रशासन के सहयोग से हटाया जाएगा। कुल मिलाकर यह परियोजना शहर के विकास और सुगम यातायात की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
खबरें और भी
यह है पूरा मार्ग
पिहानी चुंगी से डीएम चौराहा, नुमाइश चौराहा, अटल चौक, घंटाघर मार्ग, सोल्जर बोर्ड चौराहा, सिनेमा चौराहा, लखनऊ चुंगी होते हुए खेतुई बाईपास तक। इस मार्ग के बिल्कुल मध्य को बिंदु मानते हुए दोनों तरफ नौ-नौ मीटर सड़क चौड़ी होगी।
789 बिजली के पोल होंगे शिफ्ट, 240 पेड़ कटेंगे
चौड़ीकरण के दायरे में 789 बिजली पोल और 240 पेड़ आ रहे हैं। बिजली पोल शिफ्ट करने के लिए लगभग 7.96 करोड़ रुपये और पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग को 1.62 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
मार्ग के चौड़ीकरण की शासन से स्वीकृति मिल गई है और प्रथम किश्त भी जारी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। जहां भी अतिक्रमण होगा, उसे प्रशासन के सहयोग से हटाया जाएगा।- संतोष रावत, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम
यह भी पढ़ें- हरदोई में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की जेल, कोर्ट ने 20 हजार का लगाया जुर्माना