हरदोई के 76000 स्मार्ट मीटर हुए प्रीपेड, अब रिचार्ज ना होने से गुल हो रही बिजली, भीषण गर्मी में उपभोक्ता बेहाल
हरदोई में बिजली विभाग की प्रीपेड व्यवस्था और ऑटो डिस्कनेक्शन नीति से उपभोक्ता परेशान हैं। 76,000 स्मार्ट मीटर प्रीपेड में बदले गए, जिससे 7,000 से अधिक ...और पढ़ें

HighLights
76,000 स्मार्ट मीटर प्रीपेड में बदले गए, बढ़ी समस्या।
7,000 से अधिक कनेक्शन कटे, 1804 बिना बिजली।
पुराने बिल भुगतान और खराब व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान।
जागरण संवाददाता, हरदोई। बिजली विभाग की प्रीपेड व्यवस्था और ऑटो डिस्कनेक्शन नीति ने भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। 13 मार्च से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत निगेटिव बैलेंस होते ही कनेक्शन स्वतः काटे जा रहे हैं।
जिले में अब तक सात हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो चुकी है, जबकि 1804 उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने अब तक रिचार्ज नहीं कराया, जिससे उनके घरों में अंधेरा छाया हुआ है।
बिजली विभाग ने 76 हजार स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मीटर में बदलते हुए यह व्यवस्था लागू की है। इसके तहत जैसे ही बैलेंस शून्य से नीचे जाता है, बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती है। उपभोक्ताओं को न केवल रिचार्ज कराना पड़ रहा है, बल्कि पुराने पोस्टपेड बिल का 10 से 25 प्रतिशत तक भुगतान भी करना अनिवार्य कर दिया गया है, तभी कनेक्शन बहाल हो रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
कम होने के बजाय बढ़ रही मुश्किलें
वहीं दूसरी ओर, विभागीय व्यवस्था भी उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम करने के बजाय बढ़ा रही है। ऑनलाइन रिचार्ज समय पर अपडेट न होने के कारण लोगों को बिल काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र पर बदहाल व्यवस्थाएं, खराब पंखा और तेज धूप में घंटों इंतजार उपभोक्ताओं की परेशानी को और बढ़ा रहे हैं। आरोप है कि कुछ कर्मचारी चोरी के आरोप का डर दिखाकर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण भी कर रहे हैं। ऐसे में विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और उपभोक्ता राहत की मांग कर रहे हैं।
इस प्रकार रिचार्ज से कट जाता पोस्टपेड बकाया
बकाया धनराशि पर रिचार्ज से कटौती
| बकाया धनराशि (रुपये) | कटौती प्रतिशत |
|---|---|
| दस हजार तक (1 - 10,000) | 10% |
| दस से 15 हजार तक (10,001 - 15,000) | 15% |
| 15 से 20 हजार तक (15,001 - 20,000) | 20% |
| 20 हजार से अधिक (20,001 और अधिक) | 25% |
गर्मी में बेहाल हो रहे उपभोक्ता
काेयल बाग कालोनी उपकेंद्र पर एक बिल काउंटर है। आनलाइन रिचार्ज की धनराशि अपडेट न होने के कारण काउंटर पर भीड़ लग रही है। काउंटर के बाहर एक टीन शेड पड़ा है, जिसमें एक पंखा लगाया गया हैं, मगर वह भी खराब है। टीन शेड की लंबाई भी कम है। इससे उपभोक्ता को तेज धूप में घंटों लाइन लगानी पड़ रही है।
खबरें और भी
उपभोक्ता नियमित बिल के अनुपात में रिचार्ज कराते रहे। आनलाइन रिचार्ज में विभागीय एप और बेवसाइट का ही प्रयोग करें। यूपीआई से पेमेंट से रिचार्ज अपडेट में समय लग रहा है। बिजली पंखा जल्द सही कराया दिया जाएगा। - कुलदीप शिवहरे, उपखंड अधिकारी कोयलबाग कालोनी