विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई सदर क्षेत्र की सड़कों की बदलेगी तस्वीर, 3.75 करोड़ से चमकेंगी बदहाल सड़कें

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:51 PM (GMT+05:30)

हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों की मरम्मत और नए संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 3.75 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. 19 विकास कार्यों के लिए 3.75 करोड़ रुपये स्वीकृत।

  2. 10.962 किलोमीटर लंबे मार्गों की होगी विशेष मरम्मत।

  3. सदर विधायक नितिन अग्रवाल के अनुरोध पर मिली मंजूरी।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बारिश से बदहाल सड़कों पर हिचकोले खाकर सफर करने वाले सदर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत और नए संपर्क मार्गों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने क्षेत्र के 19 विकास कार्यों के लिए 3.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।

इससे 10.962 किलोमीटर लंबे मार्गों की विशेष मरम्मत, नए संपर्क मार्गों का निर्माण और पुलियों के पहुंच मार्ग दुरुस्त कराए जाएंगे। सदर विधायक एवं आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल के अनुरोध पर इन कार्यों को मंजूरी मिली है। निर्माण कार्य पूरे होने पर ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

बारिश के दौरान सदर विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। कहीं सड़क की सतह उखड़ गई है तो कहीं संपर्क मार्गों की बदहाली से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेषकर गांवों से मुख्य मार्गों तक पहुंचने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में भी खराब सड़कों से परेशानी होती है।

इन समस्याओं को देखते हुए आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत और निर्माण के लिए शासन स्तर पर अनुरोध किया था। इसके क्रम में 19 कार्यों के लिए कुल 374.93 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है। इनमें पुराने संपर्क मार्गों की विशेष मरम्मत के साथ एक नए मार्ग का निर्माण और पुलियों के पहुंच मार्गों की मरम्मत भी शामिल है।

वित्तीय स्वीकृति मिलने से अब इन कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, निर्माण शुरू होने और पूरा होने की समयसीमा अभी स्पष्ट नहीं है। कार्य पूरे होने पर गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होगा और लोगों को क्षतिग्रस्त सड़कों से राहत मिल सकेगी। आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

इन प्रमुख मार्गों पर होंगे कार्य
गंगौली से गढ़िया झब्बू मार्ग
बरेला से अमखेरवा वाया मानपुर मार्ग
रामनगर से झौनीपुरवा संपर्क मार्ग का नवनिर्माण
काशीपुर-अल्लीपुर मार्ग पर स्थित पुलिया के पहुंच मार्ग की विशेष मरम्मत
सीडीओ आवास के आगे हर्ष नगर से झबरापुरवा होते हुए पिहानी-चपरतला मार्ग पर अब्दुलपुरवा तक
पलिया-लखनऊ रोड से गुलरी पोखरी वाया सिसताली मार्ग
पुरौरी संपर्क मार्ग
गंगौली से बंजरपुरवा मार्ग
बेहटागोकुल से रामनगर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
मोदीपुर से लाभी संपर्क मार्ग
केंद्रीय भंडार संपर्क मार्ग
बीपी रोड से रंजीतपुरवा संपर्क मार्ग

यह भी पढ़ें- हरदोई में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने रामलीला का किया मंचन, श्रीराम के आदर्शों पर दिया जोर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।