हरदोई में बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में मामा भांजे समेत तीन की मौत, रफ्तार में थीं बाइक
Hardoi Accident : टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार छिटककर दूर जा गिरे।

पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
HighLights
बाइकों की टक्कर के बाद मासूम छिटककर दूर जा गिरा
बिलग्राम क्षेत्र में ललौली तिराहे के पास हुआ हादसा
जागरण संवाददादा, हरदोई। रक्षाबंधन पर जिले में एक बड़ी बाइक दुर्घटना के बाद दो घरों में सन्नाटा पसर गया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ललौली तिराहा के पास शुक्रवार शाम बाइक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।
करीब चार बजे दो तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में मामा भांजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिलग्राम के ग्राम पुसेड़ा के गौरव सिंह अपने चार वर्षीय भांजे सूर्यांश के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। ललौली तिराहे के पास सामने से आ रही हमदापुर निवासी मोनू की तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार छिटककर दूर जा गिरे।
जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गौरव, सूर्यांश और मोनू तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुसेड़ा और हमदापुर गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।
