फिर गर्मा उठी हाथरस की बूलगढ़ी, सवर्णों की महापंचायत से हाई अलर्ट, गांव की घेराबंदी कर पुलिस फोर्स तैनात
हाथरस के बूलगढ़ी गांव में सवर्ण संगठनों और करणी सेना की प्रस्तावित महापंचायत को लेकर तनाव है। जिला प्रशासन ने ...और पढ़ें

बूलगढ़ी में सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल।
संवाद सूत्र, चंदपा (हाथरस)। एक बार फिर बूलगढ़ी गांव गर्म हो उठा है। इस बार गांव में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रविवार को गांव की बैरिकेडिंग कर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया। अफसर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि खुफिया तंत्र भी पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचा रहा है।
10 जुलाई को बूलगढ़ी निवासी 19 वर्षीय सनी की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में परिजनों ने हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इधर, सर्वण संगठनों और करणी सेना ने मामले में हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं हटाने की मांग को लेकर महापंचायत का आह्वान किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इससे पहले बूलगढ़ी में दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद ये गांव देशभर में चर्चाओं में आया था। उस मामले को लेकर मुकदमे अभी तक चल रहे हैं।
