विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस में मर्यादा की सारी हदें पार: 5 हजार की शर्त के लिए गांव में निर्वस्त्र होकर घूमा युवक, पुलिस ने दबोचा

Published: Tue, 05 May 2026 02:28 AM (IST)

हाथरस के चंदपा गांव में पांच हजार रुपये की शर्त पर एक युवक निर्वस्त्र होकर घूमा, जिसका वीडियो वायरल हो गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. चंदपा में युवक पांच हजार की शर्त पर निर्वस्त्र घूमा।

  2. घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने केस दर्ज किया।

  3. मुख्य आरोपी गगन गिरफ्तार, ग्राम प्रधान पर आरोप।

संवाद सूत्र, जागरण, हाथरस। चंदपा में पांच हजार रुपये की शर्त के चक्कर में एक युवक का निर्वस्त्र होकर गांव में घूमना भारी पड़ गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित गगन को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरा आरोपित अभी फरार है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल ग्राम प्रधान बौबी ने कराया और उसकी मौजूदगी में ही वीडियो बनाकर वायरल किया गया।

चंदपा निवासी कलुआ ने गांव के ही गगन से शर्त लगाई थी। शर्त के अनुसार कलुआ को पांच हजार रुपये के बदले पूर्ण निर्वस्त्र होकर पूरे गांव में घूमना था। कलुआ शर्त पर राजी हो गया और निर्वस्त्र होकर महिलाओं व सामाजिक लोगों के सामने गांव की गलियों से गुजरा।

इस दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, वहीं कुछ ने मोबाइल से वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो जंगल में आग की तरह फैल गया। ग्रामीणों ने सामाजिक मर्यादा भंग होने की बात कहते हुए कोतवाली चंदपा में शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी चंदपा योगेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपित गगन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। दूसरे आरोपित कलुआ की तलाश जारी है।

कुछ ग्रामीणों का दावा है कि पांच हजार के लेन-देन पर यह पूरा खेल ग्राम प्रधान बौबी ने कराया था। वीडियो भी उसकी मौजूदगी में बनाया गया, जिसमें लोग पैसे लेकर निर्वस्त्र घूमने की बात कर रहे हैं।

पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में आक्रोश है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में छोटे भाई को जेल भेजने के लिए बड़े भाई ने खुद को मारी गोली, Video Viral