विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, कोराेना की तरह होगा नियमों का पालन; 52 बेड रिजर्व

By Sachin Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 31 Aug 2026 09:39 PM (IST)

हाथरस में स्वाइन फ्लू के दो मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सहयोगी, हाथरस। जिले में स्वाइन फ्लू के दो मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों के साथ जूम मीटिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है।

अस्पतालों में कोरोना संक्रमण की तरह ही सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को बुखार, जुकाम, गले में खराश, जी मिचलाना, उल्टी, दस्त, सिरदर्द, थकान और भूख न लगने जैसे लक्षण वाले रोगियों की तत्काल पहचान कर अलग करने को कहा गया है

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश मिलते ही जिले भर के सरकारी अस्पतालों में 52 बेड आरक्षित कर दिए हैं। इसमें सबसे अधिक 20 बेड एमडीटीबी अस्पताल (जिला अस्पताल) में आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा जिले के सभी आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चार-चार बेड स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए सुरक्षित किए गए हैं।

स्वाइन फ्लू को लेकर चिकित्सकों और मरीजों दोनों को मास्क लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों को भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने और उचित सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और वैक्सीनेशन की व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वेदप्रकाश ने बताया कि एच-1 एन-1 की डोज और वैक्सीन उपलब्ध है। जांच किट की डिमांड शासन को भेज दी गई है। निगरानी के लिए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लक्षण वाले मरीजों पर नजर रखेंगी

सीएमओ ने बताया कि सभी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं और स्टाफ को प्रोटोकाल के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि लक्षण दिखने पर स्वयं दवा न लें और तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें।

किट की मांग, अब जिले में ही होगी जांच

स्वाइन फ्लू जांच किट काफी महंगी होने के कारण अब तक जिले में जांच की सुविधा नहीं थी। इसको देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने शासन से किट की मांग की है। सीएमओ डा. वेद प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल आगरा और अलीगढ़ भेजे जाते हैं, जिससे रिपोर्ट आने में एक दिन का समय लगता है।

किट उपलब्ध होने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि किट की मांग पूरी होने के बाद मंगलवार से जिला अस्पताल में ही स्वाइन फ्लू की जांच शुरू कर दी जाएगी। इससे मरीजों को जल्द रिपोर्ट मिल सकेगी और समय पर उपचार शुरू हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

स्वाइन फ्लू के लक्षण

अचानक तेज बुखार, खांसी, गला खराब होना, सिर दर्द, शरीर में दर्द, थकान, नाक बहना या बंद होना, ठंड लगना, कंपकपी, कभी-कभी उल्टी या दस्त।